वैसे तो इसे कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंगः अ जर्नी ऑफ लव’ के औपचारिक विमोचन का कार्यक्रम कहा जा रहा है लेकिन यह असल में यह किताब की सफलता का जश्न है। सोमवार, 16 नवंबर को दिल्ली के आईटीसी मौर्या होटल में किताब के विमोचन का औपचारिक कार्यक्रम रखा गया है। वैसे किताब 10 नवंबर को बाजार में आ चुकी है और बिक्री के तमाम रिकॉर्ड तोड़ रही है। जानकार सूत्रों का कहना है कि किताब की कामयाबी में किसी को संदेह नहीं था। लेकिन कांग्रेस की योजना इसका बड़ा इम्पैक्ट बनाने की थी। तभी सोनिया गांधी भी सोशल मीडिया में आईं और किताब को प्रमोट किया। परिवार की ओर से 1981 के अमेठी उपचुनाव के नतीजे आने समय की एक वीडियो फुटेज भी जारी की गई। यह सब किताब के प्रमोशन का हिस्सा था। फिर भी कांग्रेस की ओर से 10 नवंबर को या उससे पहले औपचारिक विमोचन का कार्यक्रम नहीं रखा गया।
अब जबकि किताब की बिक्री के आंकड़े आने लगे हैं और किताब बिक्री के नए रिकॉर्ड बना रही है तो औपचारिक समारोह रखा गया है। गौरतलब है कि किताब की एक लाख प्रतियां छपी थीं और पहले छह दिन में इसकी 60 हजार से ज्यादा प्रतियां बिक गई हैं। किसी नॉन फिक्शन किताब के लिए यह बहुत बड़ी संख्या है। लगभग सभी चर्चित बुकस्टोर्स बाहरी संस से लेकर फकीरचंद और ऑक्सफोर्ड से लेकर क्रॉसवर्ड और मिडलैंड बुक स्टोर तक सबको अपने ऑर्डर बढ़ाने पड़े हैं। ई कॉमर्स कंपनियों ने आंकड़े जारी नहीं किए हैं लेकिन अमेजन और फ्लिपकार्ट से लेकर ब्लिंकिट तक सबसे ज्यादा बिकने वाली किताब है यह। ब्लिंकिट का कहना है कि सारी किताबें मिला कर पूरे महीने में जितना ऑर्डर नहीं आता था उससे ज्यादा ऑर्डर पहले पांच दिन में आया है। किताब की बिक्री के साथ साथ इस पर चर्चा और बहस भी बहुत हो रही है। किताब के कंटेंट को लेकर ऑनलाइन सर्च के भी नए रिकॉर्ड बने हैं।
जब कामयाबी की खबरें चारों तरफ से आने लगीं तब 16 नवंबर को किताब के औपचापरिक विमोचन का कार्यक्रम रखा गया। सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ही किताब का विमोचन करेंगे लेकिन इस मौके पर परिवार के सभी सदस्यों के साथ साथ कांग्रेस और ‘इंडिया’ ब्लॉक के दूसरे नेता भी मौजूद रहेंगे। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। वैसे यह भी कहा जा रहा है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे। गौरतलब है कि कर्नाटक के साथ मेकेदातु बांध परियोजना को लेकर तमिलनाडु सरकार का विवाद चल रहा है। पिछले दिनों प्रधानमंत्री मोदी के बेंगलुरू दौरे के समय मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने उनकी मौजूदगी में कह दिया था कि यह बांध बन कर रहेगा। बताया जा रहा है कि इस बारे में बात करने के लिए विजय दिल्ली आ रहे हैं। बहरहाल, वे सोनिया गांधी की किताब के विमोचन में शामिल होंगे। हो सकता है कि कांग्रेस के सभी राज्यों के मुख्यमंत्री और अन्य नेता भी इस कार्यक्रम में शामिल हों। माना जा रहा है कि इस इवेंट के बाद सोनिया की किताब के पहले संस्करण की एक लाख प्रतियां बिक जाएंगी और रिकार्ड समय में दूसरा संस्करण छपने जाएगा।
