लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान ने गजब किया है। उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी के दिल्ली के प्रोटेस्ट का समर्थन किया और उनके प्रदर्शन के रोकने के लिए सरकार की ओर से की गई तैयारियों पर सवाल उठाए। प्रदर्शन से एक दिन पहले शुक्रवार, नौ अक्टूबर को चिराग पासवान ने कहा कि ये देश के युवा हैं इन्हें कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने सीधे सरकार को निशाना बनाते हुए कहा कि ट्रेन बंद कर देने से युवा नहीं रूकेंगे। हाल के दिनों में चिराग पासवान लगातार इस तरह के बयान दे रहे हैं, जिससे लग रहा है कि वे सरकार के खिलाफ हैं। उन्होंने बिहार में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर बहुत तीखा बयान दिया था।
चिराग पासवान ने यहां तक कहा था कि वे इस बात से शर्मिंदा है कि वे ऐसी सरकार का हिस्सा हैं। हालांकि शर्मिंदा होने के बावजूद उन्होंने सरकार से समर्थन वापस नहीं लिया। तभी माना जा रहा है कि अपने को नरेंद्र मोदी का हनुमान बताने वाले चिराग पासवान अपने मन से कोई काम नहीं करते हैं। उनको कुछ हद तक छूट मिली हुई है कि वे कुछ बयान दे सकते हैं। लेकिन एक दूसरी थ्योरी यह है कि उनको लग रहा है कि उनकी पार्टी खतरे में है। जिस तरह से उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी के चार में से तीन विधायक बागी हो गए और भाजपा के साथ जाने का ऐलान कर दिया। उसी तरह से चिराग की पार्टी के 19 में से 14 या 15 विधायक भी कर सकते हैं। एक तीसरी थ्योरी यह है कि वे किसी न किसी बहाने अपनी नाराजगी दिखा रहे हैं ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी सरकार में फेरबदल करें तो चिराग को कोई बड़ा मंत्रालय मिल जाए।
