Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

राहुल की यूरोप यात्रा के संयोग

कांग्रेस नेता राहुल गांधी यूरोप के दौरे पर जाने वाले हैं। बताया जा रहा है कि वे ब्रसेल्स, पेरिस और ओस्लो जाएंगे। इन तीनों जगहों का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ किसी न किसी तरह का संयोग जुड़ रहा है। बताया जा रहा है कि राहुल पहले ब्रसेल्स जाएंगे, जो यूरोपीय संघ की राजधानी है और उसकी संसद वहां बैठती है। पिछले दिनों यूरोपीय संघ की संसद में मणिपुर को लेकर प्रस्ताव पास किया गया था। मणिपुर में चल रही जातीय हिंसा की उस प्रस्ताव में आलोचना की गई थी। बताया जा रहा है कि ब्रसेल्स की यात्रा के दौरान राहुल गांधी यूरोपीय संसद के कुछ सदस्यों से मिल सकते हैं।

इसके बाद राहुल गांधी का पेरिस जाने का कार्यक्रम है, जहां कुछ समय पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गए थे। उनकी यात्रा काफी सफल रही थी लेकिन यात्रा के दौरान ही काफी प्रदर्शन हुए और मीडिया में मोदी सरकार की आलोचना में काफी कुछ छपा था। राहुल गांधी इसके बाद ओस्लो जाएंगे, जहां से नोबल पुरस्कार की कमेटी काम करती है। बताया जा रहा है कि वे नोबल पुरस्कार कमेटी के कुछ सदस्यों से मिल सकते हैं। ध्यान रहे पिछले कुछ दों से इस बात की चर्चा चल रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम नोबल के लिए नामित होगा। बहरहाल, अब अगर यूरोपीय संघ या नोबल कमेटी या फ्रांस की ओर से भारत को लेकर कोई भी निगेटिव पहल होती है या बयान आता है तो उसका ठीकरा राहुल पर फूटेगा।

Exit mobile version