राजधानी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी अब भी विपक्ष की तरह ही बरताव कर रही है। वह 27 साल तक विपक्ष में रहने के बाद वह सत्ता में आ तो गई है लेकिन विपक्ष वाला बरताव समाप्त नहीं हुआ है। इसका एक कारण यह भी है कि सरकार के पास कुछ भी दिखाने के लिए नहीं है। लगभग दो साल के शासन में दिल्ली की सारी समस्या जस की तस हैं या स्थिति और भी खराब भी हुई है। न तो यमुना की सफाई हुई है और न उसका झाग समाप्त हुआ है। न प्रदूषण कम हुआ है और न सड़कों व ट्रैफिक की समस्या में कोई सुधार हुआ है। बाकी नौकरी और रोजगार तो पूरे देश में भगवान भरोसे है तो दिल्ली कैसे अलग हो सकती है।
तभी भाजपा के नेता रोज एक ही मुद्दा लेकर आ जाते हैं। वह भी ऐसा मुद्दा, जिस पर राजनीति करके भाजपा जीती है। राज्य सरकार के नंबर दो मंत्री प्रवेश वर्मा ने पिछले करीब दो साल में सौवीं बार कहा है कि केजरीवाल ने जो ‘शीशमहल’ बनाया था, उसे पर्यटन की जगह बनाया जाएगा। सरकार उसे खोल देगी ताकि लोग देख सकें कि कैसा निर्माण हुआ था और कितने पैसे खर्च हुए थे। अभी उन्होंने जल्दी ही इसे खोलने की बात कही है। क्या भाजपा के नेताओं को समझ में नहीं आ रहा है कि इस मुद्दे का भरपूर दोहन कर लिया गया है और भाजपा के अपने समर्थकों के अलावा किसी और को इसमें कोई दिलचस्पी नहीं है कि सीएम आवास कैसा बना था। सबको पता है कि डीएम, सीएम और पीएम बड़े और आलीशान घरों में रहते हैं। केजरीवाल के ऊपर यह मुद्दा भारी इसलिए पड़ गया था क्योंकि वे अपने को आम आदमी बता कर सत्ता में आए थे। तभी जब ‘शीशमहल’ का मामला आया तो उनके समर्थकों को झटका लगा और उन्होंने इसे गलत माना। लेकिन अब वह मामला काफी पहले समाप्त हो चुका है।
