Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

पूर्वोत्तर की 25 सीटों पर 26 दिन की यात्रा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मणिपुर से शुरू हो रही है और 26 दिन तक पूर्वोत्तर के राज्यों में रहेगी। राहुल गांधी सबसे ज्यादा 17 दिन असम में रहेंगे। इसके अलावा मणिपुर में चार और नगालैंड में तीन दिन उनकी यात्रा चलेगी। अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में वे एक-एक दिन रहेंगे। सिक्किम, त्रिपुरा और मिजोरम उनकी यात्रा नहीं जाएगी। इन तीन राज्यों में चार लोकसभा सीटें हैं। यानी पूर्वोत्तर की 25 में से 21सीटों वाले राज्यों में राहुल गांधी की यात्रा जाएगी। वे मणिपुर से यात्रा शुरू कर रहे हैं, जहां लोकसभा की दो सीटें हैं। नगालैंड में एक और अरुणाचल व मेघालय में दो-दो सीटें हैं, जबकि असम में 14 सीटें हैं।

इन राज्यों में राहुल गांधी 26 दिन यात्रा करेंगे। असम के अलावा बाकी किसी राज्य में कांग्रेस के पास कोई सीट नहीं है। असम में भी कांग्रेस की सिर्फ तीन सीटें हैं। इस तरह पूर्वोत्तर की कुल 25 में से कांग्रेस के पास सिर्फ तीन सीटें हैं। हालांकि हर राज्य में कांग्रेस का वोट आधार अब भी बचा हुआ है। असम में ही भाजपा को कांग्रेस से सिर्फ आधा फीसदी वोट ज्यादा मिला था। गौरतलब है कि मणिपुर में पिछले आठ महीने की हिंसा में दो सौ के करीब लोग मारे गए हैं और 70 हजार के करीब लोग विस्थापित हुए हैं। इस हिंसा का असर मिजोरम पर भी है और किसी न किसी रूप में पूर्वोत्तर के सभी राज्यों में है। राहुल अपनी यात्रा से पूर्वोत्तर में कांग्रेस का खोया हुआ जनाधार हासिल करने की कोशिश करेंगे।

Exit mobile version