Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

हरियाणा में भाजपा का चुनावी दांव

विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा में अपना नया दांव चल दिया है, जिसकी पिछले कुछ दिनों से प्रतीक्षा हो रही थी। भाजपा ने मोहन लाल बडोली को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वे ब्राह्मण समुदाय से आते हैं और तीन साल से भाजपा के प्रदेश महासचिव के तौर पर काम कर रहे थे। वे लंबे समय तक राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ से भी जुड़े रहे हैं। भाजपा ने उनको सोनीपत लोकसभा सीट से टिकट भी दिया था लेकिन वे जीत नहीं पाए थे। हालांकि वे कड़े मुकाबले में कांग्रेस के ब्राह्मण उम्मीदवार सतपाल ब्रह्मचारी से हारे थे। ध्यान रहे इस सीट से पिछली बार भूपेंद्र सिंह हुड्डा खुद लड़े थे लेकिन भाजपा के ब्राह्मण उम्मीदवार रमेश चंद्र कौशिक ने उनको हरा दिया था। कौशिक की टिकट काट कर भाजपा ने जब बडोली को उम्मीदवार बनाया तभी से माना जा रहा था कि पार्टी उनको ब्राह्मण चेहरे को तौर पर प्रमोट कर रही है।

यह अंदाजा सही साबित हो गया है। भाजपा ने मोहन लाल बडोली को प्रदेश अध्यक्ष बना दिया है। इस तरह भाजपा ने गैर जाट राजनीति का अपनी समीकरण लगभग तैयार कर लिया है। लोकसभा चुनाव से पहले मनोहर लाल खट्टर को मुख्यमंत्री पद से हटा कर नायब सिंह सैनी को सीएम बनाया गया और बाद में खट्टर को केंद्र में दो भारी भरकम मंत्रालय देकर कैबिनेट मंत्री बनाया गया। इस तरह भाजपा ने पिछड़ी जाति का मुख्यमंत्री और पंजाबी समुदाय का कैबिनेट मंत्री बनाया और अब ब्राह्मण को प्रदेश अध्यक्ष बना दिया है। अहीरवाल के इलाके में यादव समाज को साधने के लिए राव इंद्रजीत सिंह को भी केंद्र में मंत्री बनाया गया है। भाजपा की इस गैर जाट राजनीति में अब सिर्फ दलित समुदाय की जरुरत है। ध्यान रहे हरियाणा में जाट के बाद सबसे बड़ी आबादी दलित समुदाय की है, जिसको लेकर कांग्रेस ने दलित और जाट का समीकरण बनाया है। जाट नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा अघोषित रूप से मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं और दलित समाज के उदयभान प्रदेश अध्यक्ष हैं।

Exit mobile version