Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

पहलवानों के चुनाव लड़ने की तैयारी

पेरिस ओलम्पिक में तकनीकी आधार पर फाइनल मुकाबले में अयोग्य ठहरा दी गईं पहलवान विनेश फोगाट शनिवार को हरियाणा और पंजाब की सीमा पर दो सौ दिन से धरने पर बैठे किसानों से मिलने गईं तो इस बात की चर्चा तेज हो गई कि वे विधानसभा का चुनाव लड़ सकती हैं। पेरिस से लौटने के बाद उनकी नई दिल्ली हवाईअड्डे से लेकर हरियाणा में उनके गांव तक कांग्रेस ने जैसा इवेंट किया उससे भी सवाल उठे थे कि क्या कुश्ती से संन्यास की घोषणा कर चुकी विनेश फोगाट कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ेंगी? यह सवाल किसानों के बीच शम्भू बॉर्डर पर भी उठा लेकिन विनेश ने इस सवाल को टाल दिया। उन्होंने कहा कि वे राजनीति के बारे में ज्यादा नहीं जानती हैं।

लेकिन इससे सवाल नहीं थम रहे हैं। माना जा रहा है कि भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले पहलवानों में से एक या दो लोग चुनाव लड़ सकते हैं। इसमें विनेश फोगाट के साथ साथ साक्षी मलिक और बजरंग पुनिया के नाम की चर्चा हो रही है। ये दोनों भी काफी सक्रिय थे और अब सोशल मीडिया में मोर्चा खोले रहते हैं। विनेश की पेरिस से वापसी के जुलूस में ये दोनों पहलवान शामिल थे। ध्यान रहे फोगाट परिवार की बबिता फोगाट को पिछली बार भाजपा ने चुनाव लड़ाया था। लेकिन वे जीत नहीं सकी थी। हरियाणा के मुक्केबाज विजेंदर सिंह भी कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़े और जीत नहीं सके। इस बार कई पहलवानों के नाम चर्चा में हैं। विनेश फोगाट के पति सोमवार राठी तक के नाम की चर्चा हो रही है।

Exit mobile version