Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

पंजाब में इस बार सिर्फ मान का चेहरा

जैसे जैसे पंजाब का चुनाव नजदीक आ रहा वैसे वैसे आम आदमी पार्टी की रणनीति साफ होती जा रही है। इस बार आप ने पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और नंबर टू नेता मनीष सिसोदिया को दूर रखने का फैसला किया है। अब दोनों के चेहरे दिखने बंद हो गए हैं। हर जगह पोस्टर पर सिर्फ भगवंत मान का चेहरा दिखाई दे रहा है। कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल की ओर से बाहरी और भीतरी का मुद्दा बनाए जाने से चिंतित केजरीवाल और सिसोदिया ने बैकरूम की जिम्मेदारी संभाली है। चुनाव के समय प्रचार में दोनों दिखाई देंगे लेकिन उसी अनुपात में जिस अनुपात में कांग्रेस और भाजपा के राष्ट्रीय नेता दिखेंगे। पार्टी ने रणनीति के तहत मान के चेहरे पर फोकस बनने दिया है।

जानकार सूत्रों का कहना है कि आप के अपने आंतरिक सर्वे में और कुछ अन्य एजेंसियों के सर्वे में यह दिख रहा है कि मुख्यमंत्री पद के लिए भगवंत मान सबसे ज्यादा लोगों की पसंद हैं। जाट सिख के साथ साथ सरकारी योजनाओं के लाभार्थी भी मान को फिर से देखना चाहते हैं। तभी आम आदमी पार्टी ने ‘मान दा मुनाफा’ नाम से प्रचार अभियान शुरू किया है। इसमें पार्टी बता रही है कि मान के होने से पंजाब के लोगों को कितना फायदा हो रहा है। उनके मुकाबले विपक्ष के पास कोई चेहरा नहीं है। कांग्रेस ने पिछले पांच साल में स्थापित दोनों चेहरों चरणजीत सिंह चन्नी और अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को किनारे कर दिया है। परगट सिंह पार्टी के अध्यक्ष बनाए गए हैं। भाजपा के पास वैसे भी पंजाब में कोई चेहरा नहीं है। उसने कांग्रेस से आए केवल सिंह ढिल्लों को अध्यक्ष बनाया है लेकिन वे चुनौती नही दे पा रहे हैं। सुखबीर बादल जरूर मजबूत नेता हैं लेकिन भाजपा तालमेल में उनको दबाने में लगी है। अगर भाजपा व अकाली दल का ठीक से तालमेल हो जाए और सुखबीर उम्मीदवार बनाए जाएं तो वहां चुनाव दिलचस्प हो सकता है।

Exit mobile version