पता नहीं केंद्र सरकार ने इतना समय क्यों लगाया? जब उसने तय कर लिया था कि किसी भी शर्त पर परिसीमन कराना है तो यह काम पहले भी हो सकता था। लेकिन ऐसा लग रहा है कि सरकार ने मामले को जान बूझकर लंबे समय तक लटकाए रखा और माहौल बनाए रखा कि बहुत बड़ा काम किया जा रहा है। समर्थ जुटाया जा रहा है। असलियत यह है कि सरकार ने तय कर लिया था कि किसी भी शर्त पर परिसीमन का बिल पास कराना है क्योंकि अगले चुनाव में इसी के सहारे नाव पार लगेगी। सरकार ने यह भी तय कर लिया कि समर्थन करने के लिए जो भी पार्टी जो शर्त रखेगी वह शर्त मानी जाएगी। मीडिया और सोशल मीडिया में यह प्रचारित हो रहा है कि भाजपा के चाणक्यों ने ऐसे समर्थन जुटाया या वैसे समर्थन जुटाया। इसका कोई अर्थ नहीं है। चाणक्य जब सोच लेंगे कि समर्थन देने के लिए कोई पार्टी जो कीमत मांगेंगी वह देंगे तो फिर उसे रणनीति या कूटनीति नहीं कहते हैं। इसके लिए बहुत बुद्धि लगाने की जरुरत नहीं है। सिर्फ इस बात की जरुरत होती है कि आप कितने समझौतापरस्त हैं।
इसे सिर्फ एक बात से समझा जा सकता है कि सरकार कितनी डेस्पेरेट है। सोचें, परिसीमन के जिस बिल को शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में मंजूरी दी गई उसमें प्रावधान है कि परिसीमन 1971 की जनगणना के आधार पर होगा और लोकसभा व विधानसभा सीटों का बंटवारा 2011 की जनगणना की भौगोलिक सीमाओं के आधार पर होगा। किसी भी तर्क से क्या इसे सही ठहराया जा सकता है? जब 2011 की जनगणना के आंकड़े उपलब्ध हैं तो सरकार क्यों 1971 की जनगणना के आधार पर परिसीमन करेगी? 1971 के बाद चार जनगणना हो चुकी है लेकिन उनमें से किसी के आंकड़े का इस्तेमाल नहीं होगा। ऐसा इसलिए है क्योंकि डीएमके नेता एमके स्टालिन ने अपने समर्थन की यह कीमत तय की थी कि इंदिरा गांधी के समय हुई जनगणना, जिसके आधार पर अभी सीटें तय हैं उसी का इस्तेमाल होगा और चाणक्यों ने इस बेसिरपैर की शर्त को स्वीकार कर लिया।
सरकार ने यह भी नहीं सोचा कि 2027 में जनगणना होनी है और उसके आंकड़े आने है और उसमें बहुत कुछ बदला होगा। उसमें बढ़ी हुई जनसंख्या के आंकड़े आएंगे और साथ साथ यह भी पता चलेगा कि किस क्षेत्र में जनसंख्या बढ़ने का क्या अनुपात है और लोगों की सामाजिक, आर्थिक स्थिति कैसी है। इसमें जातियों की भी गिनती हो रही है। कायदे से सरकार को इसका इंतजार करना चाहिए था। इसके आंकड़े आते तब परिसीमन होता। लेकिन भाजपा के नेताओं को लग रहा है कि 2027 की जनगणना के आंकड़े पर परिसीमन करा कर उसे 2029 के चुनाव से पहले नहीं लागू किया जा सकेगा और उसके बाद चुनाव मुश्किल है। इसलिए उसे छोड़ दिया और डीएमके की शर्त मान कर 1971 की जनगणना के आधार पर परिसीमन की मंजूरी दे दी, यह कौन सी बड़ी बुद्धिमता या कूटनीति का काम है? इसे कॉम्प्रोमाइज करना कहते हैं। इसी तरह सरकार इतनी बेचैन थी कि 1971 की जनगणना के आधार पर हो रहे परिसीमन को 2025 तक फ्रीज करने के लिए भी तैयार हो गई। इस तरह सारी बेसिरपैर की बातें मान कर सरकार इस बिल को पास करवा रही है।
