Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

महाराष्ट्र में सब कुछ ठीक नहीं

महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री और शिव सेना के नेता एकनाथ शिंदे ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। वे परिवार के साथ प्रधानमंत्री से मिलने गए थे। उन्होंने उप राष्ट्रपति के चुनाव में भाजपा की ओर से तय किए जाने वाले उम्मीदवार को बिना शर्त समर्थन का ऐलान किया। इसके साथ ही शिंदे ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र में सब कुछ ठीक है और उनके व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के बीच कोई विवाद नहीं है। लेकिन उनके यह कहने का मतलब ही है कि विवाद चल रहा है। तभी फड़नवीस से ज्यादा शिंदे दिल्ली की दौड़ लगा रहे हैं। कुछ दिन पहले वे दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले थे और अब प्रधानमंत्री मोदी से मिले हैं।

कहा जा रहा है कि महाराष्ट्र की राजनीति में फड़नवीस और उद्धव व राज ठाकरे मिल कर उनको किनारे करने की कोशिश कर रहे हैं। स्थानीय निकाय चुनाव में इसका असर दिखेगा। फड़नवीस और शिंदे के बीच कैसे सब कुछ ठीक नहीं है। इसकी ताजा मिसाल बेस्ट यानी बृहन्नमुंबई विद्युत आपूर्ति और परिवहन के महाप्रबंधक की नियुक्ति का विवाद है। हालांकि अब इस पर सरकार की सफाई आ गई है। लेकिन पहले खबर आई थी कि शहरी विकास मंत्री के तौर पर एकनाथ शिंदे ने आईएएस अधिकारी आशीष शर्मा को बेस्ट का जीएम नियुक्त किया, जबकि मुख्यमंत्री फड़नवीस के सामान्य प्रशासन विभाग ने अश्विनी जोशी को बेस्ट का जीएम नियुक्त कर दिया। अब सफाई दी जा रही है कि फड़नवीस की ओर से कोई आदेश जारी नहीं हुआ है और आशीष शर्मा को अभी अतिरिक्त प्रभार मिला है। यानी जीएम की नियुक्ति का आदेश सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से ही जारी होगा।

Exit mobile version