ममता बनर्जी ने एक बार फिर दिल्ली चलो का ऐलान कर दिया है। वे हर विधानसभा चुनाव से पहले इस तरह का ऐलान करती हैं। उनकी पार्टी भी इस तरह की घोषणा करती है। पिछले चुनाव में यानी 2021 में बहुत साफ तरीके से कहा गया था कि दिल्ली का रास्ता बंगाल से होकर जाएगा। ममता बनर्जी की पार्टी के नेताओं ने कहा था कि 2021 का विधानसभा चुनाव जीतने के बाद ममता बनर्जी राष्ट्रीय राजनीति के लिए कूच करेंगी और 2024 में प्रधानमंत्री बनेंगी। लेकिन 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती देने के लिए विपक्ष का एक मजबूत गठबंधन ‘इंडिया’ ब्लॉक का गठन हुआ तो ममता बनर्जी ने खुद को उससे अलग कर लिया और बंगाल की राजनीति ही करती रहीं।
अब फिर उनके दिल्ली फतह करने की चर्चा शुरू हो गई है। इस बार उन्होंने खुद ही कहा है कि 2026 में बंगाल जीतने के बाद दिल्ली जीतेंगे। माना जा रहा है कि हर बार बांग्ला मानुष को यह संदेश दिया जाता है कि उनकी नेता ममता बनर्जी देश की नेता बनने लायक हैं और वे जीतीं तो देश की राजनीति करके प्रधानमंत्री भी बन सकती हैं। ध्यान रहे आजादी की लड़ाई में सबसे बड़ी भागीदारी बंगाल की रही थी लेकिन आज तक वहां का कोई नेता प्रधानमंत्री नहीं बन सका है। ज्योति बसु एक बार पीएम बनने के बहुत नजदीक पहुंच गए थे लेकिन उन्होंने खुद ही मना कर दिया था। यह भी कहा जा रहा है कि ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी इस बात का ज्यादा प्रचार कराते हैं कि ममता दिल्ली जाएंगी। वे दिल्ली जाएंगी तभी कोलकाता में सीएम की कुर्सी अभिषेक के लिए खाली होगी।
