बहुजन समाज पार्टी की नेता मायावती छह दिसंबर को ताकत दिखाएंगी। डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि पर छह दिसंबर को बसपा ने रैली का आयोजन करने का फैसला किया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक उनके भतीजे और पार्टी के राष्र्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद के नेतृत्व में पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं की टीम रैली को सफल बनाने के लिए दिन रात काम कर रही है। चुनाव से पहले इस रैली की कामयाबी से पता चलेगा कि विधानसभा चुनाव में बसपा कितने पानी में। इसी से बसपा की टिकटों का वजन भी तय होगा। रैली कामयाब होती है और लोग जुटते हैं तो टिकटों का मांग बढ़ेगी।
लेकिन सवाल है कि इस बार क्या मायावती का वोट उनके साथ रहेगा? गौरतलब है कि मायावती को पिछले विधानसभा चुनाव में भले एक ही सीट मिली थी लेकिन उनकी पार्टी को 12 फीसदी के करीब वोट मिले थे। लोकसभा चुनाव 2024 में जब बिल्कुल आमने सामने का चुनाव था तब भी मायावती की पार्टी को नौ फीसदी से ज्यादा वोट मिले। यह यह उनको कोर वोट है। गौरतलब है कि यूपी में 21 फीसदी के करीब दलित आबादी है, जिसमें 11 या 12 फीसदी के करीब जाटव व रविदास हैं। यह वोट आंख मूंद कर बसपा को जाता है। पिछली बार उनको 44 फीसदी जाटव, 15 फीसदी गैर जाटव और चार फीसदी मुस्लिम वोट मिला था। इस बार असदुद्दीन ओवैसी से तालमेल करके चंद्रशेखर ने पहली बार इस वोट में मजबूत दावेदारी की है। अगर उनकी ओर कुछ वोट जाता है कि बसपा और नीचे जाएगी। हालांकि इसका दोनों बड़े गठबंधनों की सेहत पर कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा। अगर गैर जाटव दलित वोट में बसपा और चंद्रशेखर दोनों सेंध लगाते हैं तब भाजपा और सपा दोनों के गठबंधन को नुकसान होगा।
