Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

राज्यों के बाद केंद्र में बदलाव

भारतीय जनता पार्टी ने राज्यों में बदलाव शुरू कर दिया है और इसके बाद केंद्रीय संगठन और केंद्र सरकार दोनों में बदलाव होगा। छह से आठ जुलाई के बीच होने वाली भाजपा की जोनल बैठकों के बाद केंद्रीय संगठन और सरकार में बदलाव होने की संभावना है। वैसे यह भी कहा जा रहा है कि जिन राज्यों में बदलाव होना है उन सबकी सूची बन गई है। हर जगह का नेता तय हो गया है और सिर्फ घोषणा होनी है, जो कभी भी हो सकती है। केंद्र सरकार के मंत्री राज्यों में भेजे जा रहे हैं इससे तय है कि केंद्र सरकार में बदलाव होगा। इसी तरह केंद्रीय संगठन के नेता भी राज्यों में भेजे जा रहे हैं तो वहां भी बदलाव होना तय है।

पहली ही सूची में एक केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी का नाम है, जिनको तेलंगाना का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। राज्य में चार महीने में चुनाव होने वाले हैं। इसलिए वहां अपने को झोंकने के लिए किशन रेड्डी को मंत्री पद छोड़ना होगा। अगर शोभा करंदलाजे कर्नाटक की अध्यक्ष बनती हैं तो उनको भी इस्तीफा देना होगा। इसी तरह जेपी नड्डा की टीम की महासचिव डी पुरंदेश्वरी को आंध्र प्रदेश का अध्यक्ष बनाया गया है। कम से कम तीन और केंद्रीय मंत्रियों को पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में शामिल करने की चर्चा है। उसके बाद प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी की टीम में बदलाव होगा। नए और युवा मंत्री बनाए जाएंगे। सहयोगी पार्टियों को शामिल किया जाएगा। महाराष्ट्र, पंजाब और बिहार की सहयोगी पार्टियों के नेता केंद्र सरकार में शामिल हो सकते हैं।

Exit mobile version