Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

यूनुस की भी पहली विदेश यात्रा चीन की

यूनुस

भारत कितनी तेजी से दक्षिण एशिया के पड़ोसी देशों के बीच प्रथम होने की अपनी जगह खोता जा रहा है इसकी एक मिसाल यह है कि बांग्लादेश की अंतरिम सरकार संभाल रहे मोहम्मद यूनुस भी अपनी पहली विदेश यात्रा पर चीन जा रहे हैं। मोहम्मद यूनुस 26 मार्च को चीन जाएंगे और 29 मार्च तक वहां रहेंगे। कहा जा रहा है कि इस दौरान कुछ बड़ी घोषणाएं और बड़े समझौते हो सकते हैं। यह भी कहा जा रहा है कि चीन के महत्वाकांक्षी बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव यानी बीआरआई को लेकर भी चीन और बांग्लादेश कोई बड़ा ऐलान कर सकते हैं। इस यात्रा के दौरान मोहम्मद यूनुस की चीन के राष्ट्रपति शी जिनफिंग से दोपक्षीय वार्ता होगी और वे बोआवो फोरम फॉर एशिया, जिसे एशियाई दावोस कहा जाता है, उसमें भी शामिल होंगे।

इससे पहले बांग्लादेश में शेख हसीना की भारत समर्थक सरकार थी और माना जाता था कि भारत और बांग्लादेश नाभी नाल से आपस में जुड़े हुए हैं। लेकिन अब यूनुस ने पहली विदेश यात्रा के लिए चीन को चुन कर अपना इरादा साफ कर दिया है। यह पहला मौका नहीं है, जब भारत के मित्र या सहयोगी रहे देश ने भारत को छोड़ कर चीन को चुना। पिछले ही दिनों नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली अपनी पहली विदेश यात्रा पर चीन गए। इससे पहले नेपाल के हर प्रधानमंत्री की पहली यात्रा भारत की होती थी। मालदीव के साथ भी ऐसा ही था, लेकिन वहां के राष्ट्रपति मोहम्मद मोइज्जू भी चुनाव जीतने के बाद पहली विदेश यात्रा पर चीन गए और उसके बाद भारत आए।

Exit mobile version