Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

ओवैसी, चंद्रशेखर के गठबंधन का हाल बिहार जैसा

आजाद समाज पार्टी और एमआईएम का तालमेल हो गया है। उत्तर प्रदेश में दोनों पार्टियों ने इस तालमेल का ऐलान किया है। आजाद समाज पार्टी के नेता चंद्रशेखर और एमआईएम के नेता असदुद्दीन ओवैसी इस मौके पर मौजूद थे। ओवैसी पिछले कुछ दिनों से उत्तर प्रदेश में खूब सघन प्रचार कर रहे हैं। वे अखिलेश यादव की मुस्लिमों की रहनुमाई पर सवाल खड़े कर रहे हैं। एक तरह एमआईएम का दावा मुस्लिम वोट का है तो दूसरी ओर आजाद समाज पार्टी का दावा बहुजन समाज पार्टी के दलित वोट पर है।

लेकिन सवाल है कि क्या इन पार्टियों को दलित और मुस्लिम का वोट मिल सकता है? उत्तर प्रदेश में इस बार जिस तरह का आमने सामने का चुनाव है उसमें यह मुश्किल लग रहा है कि मुस्लिम ओवैसी को वोट करेंगे। दलित वोट में जाटव लगभग पूरी तरह से अब भी मायावती और उनकी पार्टी बसपा के साथ है। बाकी गैर जाटव वोट में कांग्रेस, भाजपा, सपा आदि सब दावेदार हैं। इसलिए जमीनी स्तर पर गठबंधन का कोई बड़ा असर होने की संभावना कम है। हां, नैरेटिव के स्तर पर इसका कुछ इस्तेमाल हो सकता है।

गौरतलब है कि इसी तरह का एक अलायंस असदुद्दीन ओवैसी ने बिहार में किया था। 2020 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बसपा और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के साथ तालमेल करके एक ग्रैंड सेकुलर प्रोग्रेसिव अलायंस बनाया था। इसका एकमात्र लाभ ओवैसी की पार्टी को हुआ, जिनको मुस्लिम बहुल पांच सीटों पर जीत मिली। इस बार भी उत्तर प्रदेश की ऐसी सीटों पर सपा को नुकसान हो सकता है, जहां मुस्लिम आबादी 50 फीसदी से ज्यादा है। जहां मुस्लिम मतदाताओं को यह खतरा नहीं होगा कि उनका वोट बंटने से भाजपा को फायदा होगा वहां वे ओवैसी की पार्टी का साथ दे सकते हैं।

Exit mobile version