मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर की गड़बड़ियों की जांच के लिए एक स्वतंत्र पैनल बना है। इसे सुप्रीम कोर्ट और अलग अलग हाई कोर्ट्स की वकीलों की संस्थाओं ने अपनी पहल पर बनाया है। इसे सिविल सोसायटी का पैनल कह सकते हैं। लेकिन इसमें जो लोग और संस्थाएं शामिल हैं उनसे इसकी साख बनती है। इस पैनल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके इस दावे पर सवाल पूछे हैं कि एक करोड़ 27 लाख हिंदुओं के नाम कट गए हैं। पैनल ने पूछा है कि उनको यह आंकड़ा कहां से मिला और चुनाव आयोग की किस सूची के आधार पर वे यह बात कह रहे हैं। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारी नवदीप रिणवा कह चुके हैं कि आयोग ने ऐसा कोई डाटा नहीं जारी किया है।
बहरहाल, सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट्स के वकीलों की संस्थाओं ने जो पैनल बनाया है उसका नाम लॉयर्स एसोसिएशन फॉर कांस्टीट्यूशन यानी एलएएफसी रखा गया है। सुप्रीम कोर्ट के जज रहे जस्टिस मदन बी लोकुर इसके अध्यक्ष हैं। जस्टिस एके पटनाक, जस्टिस रेखा शर्मा, जस्टिस अंजना प्रकाश आदि इसके सदस्य हैं। इसमें कई जाने माने जज और वकील शामिल हैं। यह पैनल योगी आदित्यनाथ से जानना चाह रहा है कि वे कैसे इस नतीजे पर पहुंचे हैं कि एक करोड़ 27 लाख हिंदुओं के नाम कट गए हैं। यह भी सवाल है कि क्या चुनाव आयोग की ओर से तैयार अंतिम मतदाता सूची में से उन्होंने यह पता लगाया है? गौरतलब है कि भाजपा का कोई नेता अभी तक यह नहीं बता पा रहा है कि यह आंकड़ा कहां से आया है।
