Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

चुनाव बिहार में हैं और पैकेज आंध्र को

pawan kalyan

बिहार में इस साल विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक भारी भरकम पैकेज का ऐलान पहले आंध्र प्रदेश के लिए किया है। गौरतलब है कि आंध्र प्रदेश की टीडीपी और बिहार की जनता दल यू की मदद के सहारे केंद्र में भाजपा की सरकार बनी है। तभी पिछले साल बजट में आंध्र प्रदेश के लिए कई बड़ी परियोजनाओं की घोषणा हुई। तब भी बिहार को कोई खास पैकेज नहीं मिला। अब प्रधानमंत्री मोदी विशाखापत्तनम गए, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और उप मुख्यमंत्री पवन कल्याण के साथ रोड शो किया और करीब दो लाख करोड़ रुपए की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

इससे कुछ दिन पहले ही खबर आई थी कि सोलर एनर्जी मामले में भले गौतम अडानी अमेरिका में आरोपी बनाए गए हों लेकिन आंध्र प्रदेश की चंद्रबाबू नायडू सरकार उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करेगी। नायडू ने खुद कहा कि कोई ठोस सबूत नहीं हैं। बहरहाल, यह महज संयोग है कि उसके बाद प्रधानमंत्री आंध्र प्रदेश गए और दो लाख करोड़ रुपए की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। अब बिहार के लोग इंतजार कर रहे हैं कि कब प्रधानमंत्री आएंगे और इसी तरह रोड शो करके किसी बड़ी परियोजना की घोषणा करेंगे। बजट का भी इंतजार हो रहा है।

Exit mobile version