Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सेनेटरी पैड के पैक पर राहुल, प्रियंका की फोटो

कांग्रेस के पास आइडिया और रचनात्मक विज्ञापन के विचारों का इतना अभाव है कि क्या कहा जाए! बिहार में कांग्रेस पार्टी चुनाव सिर पर आ जाने के बाद भी अकेले प्रचार कर रही है। उसने राजद और लेफ्ट पार्टियों को अपने साथ नहीं जोड़ा है। राहुल गांधी की बिहार यात्राएं अकेले हो रही हैं। उसमें तेजस्वी यादव को नहीं बुलाया जा रहा है। बाकी सहयोगी पार्टियों ने तेजस्वी को मुख्यमंत्री पद का दावेदार घोषित कर दिया है लेकिन कांग्रेस ने अभी तक इसका ऐलान नहीं किया है। सो, अकेले प्रचार के लिए कांग्रेस ने बिहार में महिलाओं के लिए सेनेटरी पैड बांटने का फैसला किया है।

अच्छी बात है कि बिहार जैसे पिछड़े और गरीब राज्य में सेनेटरी पैड बांटे जाएं। कांग्रेस पांच लाख पैक बांटेगी। लेकिन कांग्रेस पार्टी ने पता नहीं किस जीनियस की सलाह पर सेनेटरी पैड के पैकेट पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की तस्वीरें लगा दीं। सोचें, यही कांग्रेस पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो हर जगह लगाए जाने का विरोध करती है। राशन के झोले पर मोदी की तस्वीर छपी तो कांग्रेस के नेताओं ने उसका बड़ा मजाक उड़ाया और अब अपने नेता की फोटो सेनेटरी पैड के पैकेट पर छपवा रहे हैं! झोला तो लंबे समय के इस्तेमाल के लिए रखा जाता है। लेकिन सेनेटरी पैड का पैकेट तो तुरंत फाड़ कर फेंक दिया जाता है। हैरानी की बात यह भी है कि प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेताओं ने अपने हाथों से इसे जारी किया। बहरहाल, सेनेटरी पैड के पैकेट पर राहुल और प्रियंका की तस्वीरें लगा कर कांग्रेस ने अपना खूब मजाक बनवाया है।

Exit mobile version