Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

कर्नाटक में स्टिंग बनाम डायरी के पन्ने

कर्नाटक की राजनीति में कमाल हो रहा है। वैसे भी कर्नाटक में राजनीतिक नाटक बहुत ज्यादा चलते हैं। हालांकि पिछले कुछ समय से स्थिरता है। अब जैसे जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है वैसे वैसे नए नाटक की तैयारी दिखने लगी है। इस बार विवाद का कारण एक स्टिंग ऑपरेशन की वीडियो है और एक डायरी के पन्ने हैं, जिनकी कहानी अचानक तेजी से सुनाई जाने लगी है। पहले स्टिंग वीडियो की बात करें तो यह कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से जुड़ी है। इस वीडियो में वे एक महिला के साथ दिख रहे हैं। हालांकि इसकी पुष्टि कोई नहीं कर रहा है लेकिन इस आधार पर सिद्धारमैया के चरित्रहनन की कोशिश चल रही है। कांग्रेस की भी कुछ लोग इस अभियान में लगे हुए बताए जा रहे हैं।

दूसरी ओर एक डायरी के कुछ पन्नों की चर्चा है। दिलचस्प बात यह है कि डायरी कांग्रेस के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की है। बताया जा रहा है कि ईडी के छापे के समय यह डायरी मिली थी। इसमें इस बात का जिक्र है कि भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने भाजपा को कितने पैसे दिए हैं और भाजपा के किस नेता को कितनी नकद राशि पहुंचाई है। इसमें नरेंद्र मोदी और अमित शाह से पहले दिल्ली की राजनीति करने वाले लगभग सभी बड़े नेताओं के नाम हैं। यह समझ में नहीं आ रहा है कि भाजपा का इकोसिस्टम इसको हाईलाइट कर रहा है या कांग्रेस का। क्योंकि येदियुरप्पा को टारगेट करके अभी कांग्रेस को कुछ हासिल नहीं होना है। लेकिन अगर उनके बहाने दिल्ली भाजपा के बड़े नेता निशाने पर आते हैं तो कई लोगों को फायदा है। एक तीर से कई शिकार हो जाएंगे।

Exit mobile version