Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

एलपीयू का हंगामा और पंजाब की राजनीति

पंजाब की राजनीति दिलचस्प होती जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार, 30 सितंबर को जालंधर में रैली करने वाला है। पंजाब का दोआबा का यह इलाका भाजपा के लिए बहुत उर्वर दिख रहा है। इस इलाके में भाजपा का प्रदर्शन पहले भी अच्छा रहा है और पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इसी इलाके में रैली की थी। इसी इलाके में वे डेरा सचखंड बलां में भी गए थे, जो रविदास समाज का है। कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी इसी सीट से सांसद हैं। इस इलाके में दलित वोट अच्छी खासी संख्या में हैं। लेकिन अमित शाह की रैली से पहले ही लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में बहुत बड़ा हंगामा हो गया। यूनिवर्सिटी 10 दिन के लिए बंद करनी पड़ी और पूरे इलाके में इंटरनेट बंद कर दिया गया।

गौरतलब है कि लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के मालिक अशोक मित्तल हैं, जो पहले आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद बने थे और बाद में पाला बदल कर भाजपा के साथ चले गए। जब वे आप में थे तब ईडी का छापा पड़ा था और अब जब भाजपा में हैं तो कहा जा रहा है कि राज्य की भगवंत मान सरकार उनको परेशान कर रही है। बहरहाल, अमित शाह की रैली कामयाब बनाने की जिम्मेदारी मित्तल के ऊपर थी। उनकी यूनिवर्सिटी से आराम से छात्र रैली में आ जाते क्योंकि रैली की जगह उनकी यूनिवर्सिटी से सात आठ किलोमीटर दूर है। अब इसमें मुश्किल आएगी। बताया जा रहा है कि एक छात्रा के साथ बलात्कार की अफवाह पर यह हंगामा हुआ, जो दंगे में बदल गया। अब पूरा इलाका पुलिस की छावनी बना हुआ है।

Exit mobile version