भारतीय जनता पार्टी एक रणनीति के तहत योगी आदित्यनाथ के नाम की घोषणा नहीं कर रही है। हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बार बार उनकी तारीफ कर रहे हैं और कानून व्यवस्था में सुधार के लिए उनको धन्यवाद देने की अपील भी जनता से कर रहे हैं। फिर भी खुल कर यह नहीं कहा जा रहा है कि 2027 में भाजपा जीतेगी तो योगी आदित्यनाथ ही मुख्यमंत्री बनेंगे। उलटे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बार बार कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री का फैसला विधायक करेंगे और चुनाव के बाद फैसला होगा। योगी आदित्यनाथ कितने भी कॉन्फिडेंट हों लेकिन यह बात उनको भी परेशान कर रही है। अब सवाल है कि क्या भाजपा योगी आदित्यनाथ के 10 साल के कामकाज का क्रेडिट लिए बगैर चुनाव में जाने की योजना बना रही है और अगर ऐसा है तो क्या इसमें खतरा नहीं है?
गौरतलब है कि हाल के दिनों में हुए तमाम सर्वेक्षणों में योगी आदित्यनाथ किसी भी दूसरे नेता के मुकाबले ज्यादा लोकप्रिय हैं। यहां तक कि उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी ज्यादा समर्थन योगी को है। यह भी कहा जा रहा है कि यूजीसी गाइडलाइन्स को लेकर भाजपा के सामान्य वर्ग के समर्थकों में जो विरोध है वह मोदी का है। एससी, एसटी एक्ट के दुरुपयोग को लेकर भी नाराजगी मोदी सरकार से है और आरक्षण बढ़ाने के प्रयासों को लेकर भी विरोध मोदी से है। यहां तक कि राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के विवाद में भी लोग योगी को क्लीनचिट दे रहे हैं क्योंकि उसी समय योगी ने खुद को इससे अलग कर लिया था। सबको पता है कि मंदिर के प्रबंधन में सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या संघ के करीबी लोग थे। इसके अलावा अगर कानून व्यवस्था के मुद्दे पर लोग भाजपा का समर्थन कर रहे हैं तो वह योगी का समर्थन है। विकास और हिंदुत्व पर अगर भाजपा का वोट साथ आता है तो उसका भी चेहरा योगी हैं। ऐसे में उनको नहीं घोषित करके भाजपा अगर गैर यादव पिछड़ा वोट लेने के उम्मीद में है तो उसको अपना कुछ कोर वोट गंवाना भी पड़ सकता है।
