Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

बंगाल में राहुल के लिए बड़ी तैयारी

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए पश्चिम बंगाल में बड़ी तैयारी हो रही है। हालांकि कांग्रेस बंगाल में ज्यादा मजबूत नहीं है। मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच है। लेकिन कांग्रेस के नेता और प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी बहुत मजबूत हैं। बहुत कमजोर होने के बावजूद पिछले चुनाव में कांग्रेस ने लोकसभा की दो सीटें जीती थीं। सो, अधीर रंजन चौधरी राहुल गांधी की यात्रा के लिए बड़ी तैयारी कर रहे हैं। उनको अपनी भी ताकत दिखानी है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी की यात्रा सात दिन तक पश्चिम बंगाल में रहेगी। वे पूर्वोत्तर के राज्यों से निकल कर 27 जनवरी को पश्चिम बंगाल पहुंच सकते हैं।

जानकार सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस ने कोलकाता में राहुल गांधी का एक बड़ा रोड शो करना चाहती है। इसके लिए प्रशासन से अनुमति मांगी गई है। अधीर रंजन चौधरी रोड शो में शक्ति प्रदर्शन करके तृणमूल कांग्रेस और भाजपा दोनों को मैसेज देना चाहते हैं। हालांकि दूसरी ओर ममता बनर्जी ने राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होने से इनकार कर दिया है। बताया जा रहा है कि उनकी पार्टी के दूसरे नेता भी राहुल की यात्रा में तभी शामिल होंगे, जब सीटों का बंटवारा हो जाएगा। सबको पता है कि ममता बनर्जी जो शर्तें रख रही हैं उसे देखते हुए कांग्रेस का सीट बंटवारे पर राजी होना संभव नहीं है। ममता पश्चिम बंगाल में कांग्रेस को दो सीट देना चाहती हैं और असम में तीन व मेघालय में एक सीट लेना चाह रही हैं। कांग्रेस पश्चिम बंगाल से बाहर ममता बनर्जी को चार सीट तभी दे सकती है, जब ममता बंगाल में कांग्रेस को छह सीट दें।

Exit mobile version