Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

ममता दिल्ली आएंगी तो क्या होगा

तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी दिल्ली आने वाली हैं। आमतौर पर चुनाव इतना नजदीक आने पर ममता राज्य छोड़ कर कहीं बाहर नहीं जाती हैं। लेकिन इस बार वे चुनाव की घोषणा से ठीक पहले दिल्ली आ रही हैं और दो फरवरी को चुनाव आयोग से मिलेंगी। इससे पहले उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी ने दिल्ली आकर चुनाव आयोग से मुलाकात की था। वह मुलाकात काफी तनातनी वाली रही थी, जिसमें अभिषेक ने मुख्य चुनाव आय़ुक्त से कहा था कि आप सेलेक्ट होते हैं और हम इलेक्ट होते हैं। उस समय अभिषेक बनर्जी और पार्टी सांसदों की मुलाकात से पहले चुनाव आय़ोग के बाहर रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती की गई थी।

चुनाव आयोग के सामने रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती पर अभिषेक बनर्जी ने कहा था कि अभी तो हम आए हैं तो यह स्थिति है, जब ममता बनर्जी आएंगी तब क्या होगा? यह देखने वाली बात होगी कि सोमवार, दो फरवरी को जब ममता बनर्जी चुनाव आयोग से मिलने जाएंगी तो क्या होगा। क्या उस समय भी रैपिड एक्शन फोर्स तैनात होगी? यह भी देखने वाली बात होगी कि चुनाव आयोग से ममता बनर्जी की क्या बात होती है। ध्यान रहे ममता बनर्जी इन दिनों बात बात पर नाराज हो रही हैं। उनके अपने चुनाव क्षेत्र भबानीपुर में 45 हजार वोट कटे हैं। वे लगातार आरोप लगा रही हैं कि एसआईआर के जरिए लोगों के नाम काटे जा रहे हैं, उनको परेशान किया जा रहा है और इस वजह से लोगों की मौत हो रही है। ये बातें वे चुनाव आयोग सामने उठाएंगी और मीडिया से भी बात करेंगी, जिस पर सबकी नजर होगी।

Exit mobile version