नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह और बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान अभी तक भारत नहीं आए हैं। तारिक रहमान तो भारत आने से पहले चीन की यात्रा कर आए हैं, जबकि यह अघोषित नियम था कि इन दोनों देशों के प्रधानमंत्री शपथ लेने के बाद सबसे पहले भारत की यात्रा करते हैं। य़ह परंपरा पहले मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने तोड़ी फिर नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने तोड़ी और अब तारिक रहमान ने तोड़ी है। जानकार सूत्रों का कहना है कि भारत सरकार की ओर से दोनों नेताओं के दौरे का प्रयास किया जा रहा है।
गौरतलब है कि तारिक रहमान के भारत आने का फैसला दो बार टला है। वे भारत के बुलावे पर ब्रिक्स सम्मेलन में भी नहीं आए। बांग्लादेश ने कहा कि उनको बिम्सटेक के अध्यक्ष के नाते बुलाया गया है, प्रधानमंत्री के नाते नहीं। हालांकि प्रधानमंत्री के नाते पहले बुलाया गया था तब भी वे नहीं आए। अब कहा जा रहा है कि वे नवंबर में भारत की यात्रा कर सकते हैं। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के बारे में भी खबर है कि वे नवंबर में भारत के दौरे पर आ सकते हैं। ध्यान रहे दक्षिण एशिया में भारत के सारे पड़ोसी चीन के साथ ज्यादा दोस्ती बढ़ा रहे हैं।
