राहुल गांधी ने अपनी अमेरिका यात्रा में जो कहा उसको लेकर खूब बहस हुई है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र समाप्त हो गया है और भारत की अर्थव्यवस्था तबाही की कगार पर है। इसकी बहुत आलोचना हुई। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विपक्ष चुनावों का बहिष्कार नहीं करेगा। लेकिन कुछ ऐसी बातें भी हैं, जिनकी चर्चा नहीं हुई है या कम हुई है। लेकिन कम चर्चा के बावजूद कई पार्टियां और नेता उसके असर को लेकर आशंकित हैं। खासतौर से दो बातों की चर्चा हो रही है। पहली बात इजराइल पर राहुल गांधी की राय और दूसरा पाकिस्तान को लेकर राहुल का स्टैंड। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी ने विवाद के इन दोनों मसलों पर ऐसा स्टैंड लिया है, जो मुस्लिम आवाम को नाराज कर सकता है। तभी कांग्रेस के साथ साथ समाजवादी पार्टी के भी कई नेता चिंतित हैं। वे इस बात की कामना कर रहे हैं कि ओवैसी जैसा कोई मुस्लिम नेता इसे चुनाव में मुद्दा न बना दे।
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने इजराइल को लेकर कहा कि वे इस पक्ष में हैं कि भारत को इजराइल के साथ मजबूत संबंध रखने चाहिए। हालांकि उन्होंने गाजा के मसले पर चिंता भी जताई। लेकिन उनका यह स्टैंड अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के स्टैंड से बिल्कुल अलग है। कुछ समय पहले ही सोनिया गांधी ने एक लेख लिख कर इजराइल पर तीखा हमला किया था और गाजा में उसकी कार्रवाई को नरसंहार की संज्ञा दी थी। सोचें, सोनिया गांधी इजराइल के ऊपर नरसंहार के आरोप लगा रही हैं और राहुल गांधी उसके साथ मजबूत संबंधों की वकालत कर रहे हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा एक बार फिलस्तीन का समर्थन करने के लिए बैग उसके नारे का बैग लेकर संसद में पहुंची थीं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सोनिया और प्रियंका गांधी की लाइन ही पार्टी की असली लाइन है। या तो इजराइल की आलोचना करनी है या उसके मसले पर चुप रहना है, दूरी रखनी है। लेकिन राहुल ने दो टूक स्टैंड लिया है।
दूसरी बात पाकिस्तान को लेकर है। इस मामले में भी राहुल गांधी ने पार्टी की लाइन से अलग हट कर सरकार की लाइन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान जब तक आतंकवाद को प्रश्रय देना बंद नहीं करता है और भारत विरोधी गतिविधियां नहीं रोकता है तब तक उससे बात नहीं हो सकती है या उसके साथ कोई भी संबंध नहीं ऱखा जा सकता है। कांग्रेस और सेकुलर राजनीति के इकोसिस्टम से जुड़े कई लोग सोशल मीडिया में लिख रहे हैं कि राहुल गांधी ने जान बूझकर यह स्टैंड लिया और उनका मकसद उत्तर प्रदेश के चुनाव में समाजवादी पार्टी की संभावनाओं को नुकसान पहुंचाना है। यह दूर की कौड़ी है, लेकिन कम्युनिस्ट इकोसिस्टम के लोग भी कह रहे हैं कि राहुल लगातार प्रादेशिक पार्टियों को कमजोर करने की राजनीति कर रहे हैं। वे पूरे देश में भाजपा बनाम कांग्रेस की लड़ाई बनाना चाहते हैं और साथ ही नेतृत्व के स्तर पर किसी भी चुनौती को उभरने नहीं देना चाहते हैं। बहरहाल, यह देखना दिलचस्प होगा कि इजराइल और पाकिस्तान के मामले में राहुल ने जो स्टैंड लिया है उसे मुस्लिम नेता उत्तर प्रदेश में मुद्दा बनाते हैं या नहीं और यह भी देखना होगा कि राहुल इन दोनों मुद्दों पर कब सफाई देते हैं।
