Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

मोदी के नाम पर बिहार में लड़ेगी भाजपा?

चुनाव

यह लाख टके का सवाल है कि बिहार को लेकर भारतीय जनता पार्टी की क्या योजना है? क्या भाजपा बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम और चेहरे पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है? गठबंधन की पार्टियों के भीतर जिस तरह के दांवपेंच चल रहे हैं उससे लग रहा है कि भाजपा इस बार के चुनाव को अवसर मान रही है और उसे गंवाना नहीं चाहती है। उसको लग रहा है कि नीतीश कुमार का सूरज अस्त हो रहा है और आखिरी बार उनके सहारे चुनाव जीत कर बिहार में अपनी सरकार यानी अपना मुख्यमंत्री बना लिया जाए। तभी भाजपा के नेता नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री का दावेदार कहने से बच रहे हैं। वे यह कह रहे हैं कि चुनाव नीतीश के नेतृत्व में लड़ा जाएगा लेकिन साथ ही यह भी कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री का चयन चुनाव नतीजों के बाद होगा।

भाजपा की इस राजनीति की काट में जनता दल यू की ओर से नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को आगे करने की तैयारी हो रही है। वे बार बार मीडिया के सामने आ रहे हैं। हालांकि वे कह रहे हैं कि नेता उनके पिताजी ही हैं लेकिन जदयू में नीतीश कुमार के नाम पर सत्ता का सुख भोग रहे चार नेताओं और एक रिटायर अधिकारी को लग रहा है कि अगर नीतीश के हाथ से सत्ता निकल कर भाजपा के हाथ में गई तो वे सभी लोग भी पैदल होंगे। तभी वे किसी न किसी बहाने कमान जदयू के हाथ में रखना चाहते हैं। जदयू में वे ऐसे नेता की तलाश कर रहे हैं, जिसको वे हैंडल कर सकें। इसी चक्कर में पूर्व आईएएस अधिकारी मनीष वर्मा कट गए हैं।

बहरहाल, भाजपा यह दिखाने की कोशिश कर रही है कि प्रधानमंत्री मोदी बिहार के लिए बहुत कुछ कर रहे हैं। बजट में सिर्फ बिहार, बिहार होने का जो हल्ला मचा वह भाजपा की इसी रणनीति के तहत मचाया गया। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में आकर जिस तरह से बड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया है और अपने भाषण में नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाने का कोई जिक्र नहीं किया, वह भी इस बात का संकेत है कि भाजपा मोदी के चेहरे और उनके नाम को आगे कर रही है। पिछले दिनों बजट में बिहार के लिए हुई घोषणाओं को लेकर बिहार के एनडीए सांसदों ने प्रधानमंत्री मोदी का संसद में स्वागत किया। उसमें जनता दल यू के राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और लोजपा के चिराग पासवान आगे थे। इससे यह भी दिखाया गया कि गठबंधन के नेता प्रधानमंत्री मोदी हैं।

हरियाणा से लेकर महाराष्ट्र और दिल्ली तक में भाजपा की जीत मोदी के चेहरे पर हुई है। लेकिन झारखंड में वह दांव नहीं चला और उससे पहले पश्चिम बंगाल में भी नहीं चला था। इसलिए बिहार में यह दांव चल जाएगा इसमें संदेह है। बिहार में भाजपा को अपना चेहरा आगे करना होगा। उसने पिछले कुछ समय से उप मुख्यमंत्री सम्राट चौथरी को प्रोजेक्ट किया है। उनसे नीतीश का लव कुश वोट यानी कुर्मी और कोईरी का वोट भी एनडीए के साथ बना रहेगा और अन्य पिछड़ी जातियां व सवर्ण भी जुड़ेंगे। लेकिन अगर भाजपा बिना चेहरे के चुनाव में गई और यह कहा गया कि मुख्यमंत्री का फैसला चुनाव के बाद होगा तो इसका सीधा फायदा राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव को होगा। इसलिए प्रधानमंत्री मोदी के कामकाज का प्रचार अपनी जगह है लेकिन बिहार में चुनाव लड़ने के लिए स्थानीय चेहरा आगे करना जरूरी होगा।

Exit mobile version