Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

उद्धव ठाकरे की क्या शिव सेना टूटेगी?

दिल्ली में उद्धव ठाकरे की शिव सेना के संसदीय नेता अरविंद सावंत ने इस बात से इनकार किया है। लेकिन यह चर्चा तेज है कि उद्धव ठाकरे की पार्टी टूट सकती है। उनके नौ लोकसभा सांसदों में से सात सांसदों की दिल्ली में एकनाथ शिंदे से मुलाकात की खबर है। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री और शिव सेना नेता एकनाथ शिंदे पिछले हफ्ते दिल्ली में थे और उद्धव के सात सांसदों ने उनसे मुलाकात की। हालांकि किसी का नाम सामने नहीं आया है। लेकिन बताया जा रहा है कि ठाणे के सांसद राजन विचारे उनमें से एक हैं। ध्यान रहे ठाणे एकनाथ शिंदे का गढ़ है। ठाणे और कल्याण में वे सबसे मजबूत हैं। कल्याण से उनके बेटे श्रीकांत शिंदे सांसद हैं।

तभी कहा जा रहा है कि अगले चुनाव से पहले राजन विचारे ठाणे बचाने के लिए शिंदे के साथ जा सकते हैं। इसी तरह पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री संजय दीना पाटिल के बारे में भी चर्चा है। कहा जा रहा है कि एकनाथ शिंदे ने उद्धव के सांसदों से वादा किया है कि पाला बदलने वालों में से एक को केंद्र में मंत्री बनाया जाएगा। हालांकि कई सांसद यह भी कहते सुने गए हैं कि अगर एकनाथ शिंदे के साथ जाना है तो उससे अच्छा सीधे भाजपा में शामिल हो जाएं। इसका मतलब है कि उद्धव की पार्टी के सांसदों में चिंता है और पाला बदलने की सोच भी है। उधर शरद पवार की पार्टी में भी ऐसी ही स्थित है। उनके कई सांसद भाजपा के संपर्क में बताए जा रहे हैं। इसका दबाव पवार के ऊपर है वे खुद ही एनडीए के साथ जाने का फैसला करें नहीं तो पार्टी के सांसद चले जाएंगे।

Exit mobile version