Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

क्या सिर्फ एक ही चेहरा घोषित करेगी कांग्रेस?

कांग्रेस पार्टी ने मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर दिया है। कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा है कि कमलनाथ पार्टी का चेहरा होंगे। पहले भी इस तरह का मैसेज पार्टी की ओर से दिया जा चुका है कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी कमलनाथ के चेहरे पर चुनाव लड़ने जा रही है। अभी चल रहे तीन राज्यों के चुनाव को छोड़ दें तो इस साल सात और विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। क्या कांग्रेस बाकी राज्यों में भी मध्य प्रदेश की तरह मुख्यमंत्री का चेहरा पेश करेगी? राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भी मध्य प्रदेश के साथ ही विधानसभा चुनाव होना है और दोनों राज्यों में कांग्रेस की सरकार है। पिछली बार कांग्रेस इन तीनों राज्यों में जीती थी और तब भी मध्य प्रदेश को छोड़ कर बाकी दोनों राज्यों में चेहरा घोषित नहीं था। इस बार कांग्रेस को फैसला करना है कि वह अशोक गहलोत और भूपेश बघेल का चेहरा दिखाती है या नहीं।

अगले तीन महीने में कर्नाटक में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और वहां दो शीर्ष नेताओं- प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार और विधायक दल के नेता सिद्धरमैया के बीच खींचतान चल रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी कर्नाटक के ही हैं। वहां क्या कांग्रेस सामूहिक नेतृत्व के नाम पर लड़ेगी? तेलंगाना में भी साल के अंत में चुनाव होने वाला है। वहां भी पार्टी को तय करना है कि वह चेहरा घोषित करती है या नहीं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रेवंत रेड्डी को लेकर प्रदेश ईकाई में बड़ा विरोध है। यहां तक की पार्टी के एक कार्यकारी अध्यक्ष भी बागी हो रहे हैं। हालांकि वहां पार्टी के लिए कोई खास संभावना नहीं है। बहरहाल, अगर कांग्रेस मध्य प्रदेश में चेहर घोषित करके चुनाव लड़ने जाती है तो बाकी राज्यों में भी यह मुद्दा बनेगा।

Exit mobile version