Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

पुड्डुचेरी और लक्षद्वीप में नियुक्ति नहीं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने केंद्र सरकार की सिफारिश पर 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के राज्यपाल और उप राज्यपाल बदले हैं। लेकिन दो केंद्र शासित प्रदेशों में अब भी नियुक्ति नहीं की गई है, जबकि वहां उप राज्यपाल और प्रशासक का पद लंबे समय से खाली है। लक्षद्वीप में प्रशासक का पद दो साल से ज्यादा समय से खाली है। भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी दिनेश्वर शर्मा लक्षद्वीप के एडमिनिस्ट्रेटर थे। उनके निधन के बाद दिसंबर 2020 से प्रफुल्ल खोड़ा पटेल वहां के प्रशासक की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। प्रफुल्ल खोड़ा पटेल दादर और नागर हवेली और दमन व दीयू के भी प्रशासक हैं।

इसी तरह से पुड्डुचेरी के उप राज्यपाल का पद काफी समय से खाली है। भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी किरण बेदी पुड्डुचेरी की उप राज्यपाल थीं। लेकिन मई 2021 में तमिलनाडु और पुड्डुचेरी के विधानसभा चुनाव से कुछ समय पहले ही उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। तब उनका कार्यकाल भी पूरा नहीं हुआ था। उनके इस्तीफा देने के बाद तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदर्यराजन को पुड्डुचेरी की उप राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। करीब दो साल से वे इस केंद्र शासित प्रदेश के उप राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रही हैं। वहां नई नियुक्ति नहीं हुई है। लक्षद्वीप के प्रशासक और पुड्डुचेरी के उप राज्यपाल पद के लिए कई रिटायर अधिकारी लॉबिंग कर रहे थे।

Exit mobile version