Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

फर्ग्यूसन भारत के खिलाफ टी-20 से बाहर

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजी आक्रमण को एक और झटका लगा है। लॉकी फर्ग्यूसन भारत के खिलाफ बाकी शेष टी-20 सीरीज से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह मैथ्यू फिशर को टीम में शामिल किया गया है।

न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) ने एक बयान में बताया कि फर्ग्यूसन ने सीरीज के पहले दो टी-20 मैच खेले थे, लेकिन क्राइस्टचर्च में खेले गए दूसरे मैच के दौरान उन्हें “दाहिनी पिंडली में दर्द” महसूस हुआ। स्कैन से पता चला है कि उन्हें मांसपेशियों में मामूली खिंचाव हुआ है, और उन्हें पूरी तरह ठीक होने में लगभग एक हफ्ता और लग सकता है।

फिशर वेलिंगटन में टी-20 टीम के साथ एक अतिरिक्त गेंदबाज के तौर पर जुड़े हैं। उन्हें मूल रूप से केवल तीसरे टी-20 के लिए चुना गया था, लेकिन अब वह शेष सीरीज के लिए भी टीम के साथ बने रहेंगे। पहले उन्हें ‘इंडिया ए’ के खिलाफ सीरीज में खेलना था। फिशर की जगह तेज गेंदबाज ब्रेट रैंडेल को दूसरे मैच के लिए ‘न्यूजीलैंड ए’ टीम में शामिल किया गया है।

Also Read : आयरलैंड के बेन व्हाइट ने प्रतिनिधि क्रिकेट से लिया संन्यास

तेज गेंदबाज मैट हेनरी और काइल जैमीसन भी छोटी-मोटी चोटों के कारण शेष टी-20 सीरीज से बाहर हैं, लेकिन वे चार नवंबर से ऑकलैंड में शुरू होने वाली वनडे सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे। दोनों खिलाड़ी अभी “प्लान्ड वर्कलोड मैनेजमेंट” से गुजर रहे हैं, जिसका मतलब है कि इस दौरे पर तेज गेंदबाजों को न्यूजीलैंड की टीम में कभी शामिल किया जा रहा है तो कभी आराम दिया जा रहा है।

दूसरे टी-20 के दौरान हेनरी को अपनी दाहिनी जांघ में दर्द महसूस हुआ था। स्कैन से पता चला है कि उन्हें “लो-ग्रेड टियर” हुआ है और ठीक होने में उन्हें एक से दो हफ्ते का समय लगेगा। जैमीसन वेलिंगटन में ही रहेंगे और शनिवार को ‘फोर्ड ट्रॉफी’ में कैंटरबरी के दूसरे दौर के मैच में खेलेंगे। इसके बाद, सोमवार को वह वनडे सीरीज के लिए फिर से न्यूजीलैंड टीम से जुड़ जाएंगे।

मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा हम लॉकी और मैट के लिए बहुत दुखी हैं। चोटें इंटरनेशनल क्रिकेट का हिस्सा हैं, लेकिन जब आपको मैच छोड़ने पड़ें, तो यह बिल्कुल भी आसान नहीं होता। मैट के लिए अच्छी बात यह है कि गर्मियों के व्यस्त शेड्यूल को देखते हुए, वह पहले से ही बाकी टी-20 मैचों से बाहर रहने वाले थे। हमें उम्मीद है कि वह वनडे सीरीज में अहम भूमिका निभाएंगे।

न्यूजीलैंड पहले ही भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज हार चुका है, जिसमें वह 3-0 से पीछे है। सीरीज के बाकी दो मैच 30 अक्टूबर को ऑकलैंड में और एक नवंबर को हैमिल्टन में खेले जाएंगे, जिसके बाद पांच वनडे मैचों की सीरीज शुरू होगी।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version