आयरलैंड के लेग स्पिनर बेन व्हाइट ने प्रतिनिधि क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। 28 वर्षीय व्हाइट ने बुधवार को आधिकारिक तौर पर क्रिकेट से अपने संन्यास की घोषणा की। उन्होंने 2021 में बेलफास्ट में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 मैच से आयरलैंड के लिए अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अपने देश के लिए आखिरी बार दिसंबर 2025 में बंगलादेश के खिलाफ खेला था।
व्हाइट ने टेस्ट क्रिकेट में तीन बार आयरलैंड का प्रतिनिधित्व किया और ये तीनों मैच 2023 में खेले गए थे। कुल मिलाकर, उन्होंने आयरलैंड के लिए अलग-अलग प्रारूपों में 43 मैच खेले, जिनमें से 38 मैच टी-20 थे।
व्हाइट ने एक बयान में कहा मैं क्रिकेट आयरलैंड को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने मुझे अपने देश का प्रतिनिधित्व करने और सर्वोच्च स्तर पर क्रिकेट खेलने के बचपन के सपने को पूरा करने का मौका दिया।
Also Read : जन्मदिन पर करवा चौथ की तैयारी में जुटीं कृति खरबंदा
तीन आईसीसी टी-20 विश्व कप में आयरलैंड का प्रतिनिधित्व करना और टेस्ट क्रिकेट खेलना, यह कुछ ऐसा था जिसकी मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। लेकिन मुझे इस बात पर हमेशा बहुत गर्व रहेगा, और इस सफर के दौरान मिले अनुभवों और यादों के लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगा।
व्हाइट आयरलैंड की ओर से तीन आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप (2021, 2024 और 2026) की टीमों का भी हिस्सा रहे। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 41 विकेट लेकर अपने करियर का समापन किया।
आयरलैंड के मुख्य कोच गैरी विल्सन ने कहा ऐसे मौकों पर, बेन जैसे खिलाड़ी के संन्यास पर मेरे मन में मिली-जुली भावनाएं होती हैं। एक तरफ, मैं उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं और उनके उस करियर के लिए उन्हें बधाई देता हूं, जिसमें उन्होंने अपना इतना समय और मेहनत लगाई है। दूसरी तरफ, मैं अच्छी तरह जानता हूं कि आयरलैंड के लिए खेलने के अपने सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने कितनी मेहनत की है। मुझे खुशी है कि उन्होंने अपने देश के लिए 40 से अधिक मैच खेले, और टीम में उनकी कमी जरूर खलेगी।
Pic Credit : UNI
