Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भारत ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराया

Christchurch [New Zealand], Oct 22 (ANI): India's Axar Patel and teammates celebrate the dismissal of New Zealand's Finn Allen in the 1st T20I match at Hagley Oval, in Christchurch on Thursday. (ANI Photo)

भारतीय बल्लेबाजी आक्रमण के आगे न्यूजीलैंड अपने सर्वश्रेष्ठ टी-20 स्कोर का बचाव नहीं कर पाया। संजू सैमसन (67), कप्तान श्रेयस अय्यर (42) और नमन धीर (नाबाद 42) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत भारतीय टीम ने गुरुवार को पहले टी-20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को दो गेंदें शेष रहते चार विकेट से शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है।

226 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने तेज शुरुआत करते हुए 5.5 ओवरों में 93 रन जोड़े। माइकल ब्रेसवेल ने अभिषेक शर्मा को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। अभिषेक शर्मा ने 12 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के लगाते हुए (29) रन बनाये। इसके बाद नौवें ओवर में भारत का दूसरा विकेट संजू सैमसन के रूप में गिरा। संजू सैमसन ने 33 गेंदों में आठ चौके और चार छक्के उड़ाते हुए (67) रनों की पारी खेली। तिलक वर्मा (छह) और इशान किशन (एक) रन बनाकर आउट हुये।

अक्षर पटेल ने 14 गेंदों में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से (24) रन बनाये। वह 15वें ओवर में पांचवें विकेट के रूप में आउट हुये। उन्हें लॉकी फ़र्ग्युसन ने आउट किया। 19वें ओवर की पहली गेंद पर ऐडम मिल्न ने शानदार बल्लेबाजी कर रहे कप्तान श्रेयस अय्यर का शिकार कर भारत का छठा झटका दिया।

श्रेयस अय्यर ने 28 गेंदों में एक चौके और दो छक्का उड़ाते हुए (42) रनों की पारी खेली। भारत ने 19.4 ओवरों में छह विकेट पर 230 रन बनाकर मुकाबला चार विकेट से अपने नाम कर लिया। मैच फिनिशर नमन धीर ने छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई। नमन धीर ने 15 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के उड़ाते हुए (नाबाद 42) रनों की मैच विजयी पारी खेली। नीतीश कुमार रेड्डी दो रन बनाकर नाबाद रहे।

Also Read : मेगन शूट पर दो मैचों का प्रतिबंध लगा

न्यूजीलैंड के लिए माइकल ब्रेसवेल और मिचेल सेंटनर ने दो-दो विकेट लिये। लॉकी फर्ग्युसन और ऐडम मिल्न ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। इससे पहले आज यहां ग्लेन फिलिप्स (नाबाद 82) और फिन ऐलन (45) रनों की शानदार पारियों के दम पर न्यूजीलैंड ने भारत को जीत के लिए 226 रनों का लक्ष्य दिया था। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड के लिए टिम साइफर्ट और फिन ऐलन की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़े। पांचवें ओवर में मयंक यादव ने टिम साइफर्ट (24) को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। साइफर्ट ने अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया। इसके बाद आठवें ओवर में अक्षर पटेल ने अर्धशतक की ओर बढ़ रहे फिन ऐलन का शिकार कर लिया। फिन ऐलन ने 24 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के उड़ाते हुए (45) रनों की पारी खेली।

13वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने डैरिल मिचेल को आउट कर न्यूजीलैंड को तीसरा झटका दिया। डैरिल मिचेल ने 19 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए (28) रन बनाये। 18वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने बेवन जैकब्स (31) को रनआउट कर 73 रनों की साझेदारी तोड़ी और भारत की झोली में चौथा विकेट डाला।

न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 225 रनों का विशाल स्कोर बनाया। यह न्यूजीलैंड का टी-20 में सर्वाेच्च स्कोर है। ग्लेन फिलिप्स ने 40 गेंदों में आठ चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए (नाबाद 82) रनों की पारी खेली। माइकल ब्रेसवेल (सात) रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह, मयंक यादव और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट लिया।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version