Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 श्रृंखला का आगाज 16 अक्टूबर से

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों की मेजबानी करने जा रही है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन मैचों की टी-20 श्रृंखला 16 अक्टूबर से शुरू होगी। प्रतियोगिता के सभी मुकाबले शाम सात बजे से खेले जाएंगे।

श्रृंखला का पहला मैच 16 अक्टूबर, दूसरा 18 अक्टूबर और तीसरा एवं अंतिम मुकाबला 20 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। भारतीय महिला क्रिकेट टीम 11 अक्टूबर को रायपुर पहुंच चुकी है और सोमवार से स्टेडियम में अभ्यास शुरू करेगी। वहीं, जिम्बाब्वे की महिला टीम 13 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेगी।

इस श्रृंखला में स्मृति मंधाना पूर्णकालिक कप्तान के रूप में भारतीय टीम का नेतृत्व करेंगी, जबकि शेफाली वर्मा को उप-कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। टीम में पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर के अलावा ऋचा घोष, दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, मिन्नू मणि और क्रांति गौड़ भी शामिल हैं।

अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के आयोजन को लेकर दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मैचों के टिकटों की बिक्री सोमवार से शुरू होगी। इस बार सभी टिकट ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे। स्टेडियम के प्रवेश द्वारों पर टिकट काउंटरों की भीड़ कम करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है। 

Also Read : ‘द लीजेंड ऑफ हनुमान’ सीजन 7 का ट्रेलर जारी, 23 अक्टूबर से होगा प्रसारण

दर्शकों के ई-टिकट की जांच में इंटरनेट संबंधी परेशानी नहीं हो, इसके लिए प्रवेश द्वारों पर ओपन वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। टिकट के साथ पार्किंग पास भी प्रदान किया जाएगा।

मैचों के सुचारु आयोजन के लिए राज्य प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित कर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई है।

जिला प्रशासन से आज मिली जानकारी के अनुसार आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं के समन्वय के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में स्थानीय सहायता समिति गठित की गई है। इस समिति में पुलिस, खेल विभाग, परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग, नवा रायपुर विकास प्राधिकरण और क्रिकेट संघ के अधिकारियों को शामिल किया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत स्टेडियम परिसर और पार्किंग स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। दर्शकों के लिए पेयजल तथा खानपान की पर्याप्त सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने आसपास के अस्पतालों का चिह्नांकन किया है। तीनों मुकाबलों के दौरान स्टेडियम परिसर में एंबुलेंस की तैनाती भी रहेगी।

भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच प्रस्तावित इस श्रृंखला के माध्यम से छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबले देखने का अवसर मिलेगा।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version