Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भारतीय महिला अंडर-19 टीम ने इंग्लैंड को 106 रनों से हराया

दीया यादव (87) और अक्साह परमार ( 82) की शानदार अर्धशतकीय पारियों के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत भारतीय महिला अंडर-19 टीम ने शनिवार को दूसरे अनौपचारिक टी-20 मुकाबले में इंग्लैंड को 106 रनों से हरा दिया। इसी की साथ भारत महिला अंडर-19 टीम ने पांच मैचों की सीरीज में 2-0 से बढ़त बना ली है।

231 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड महिला अंडर-19 टीम भारतीय गेंदबाजी आक्रमण का सामना नहीं कर सकी और उनकी पूरी टीम 15.3 ओवरों में 124 रन ही बना सकी। फेथ टीकासिंह ने इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक 58 रनों की पारी खेली। उनके अलावा ब्रायोनी गिलग्रास ने (18), एवा क्लाइव ने (14) और फ्लोरा डेविस ने (14) रनों की पारी खेली।

शेष सात बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर मैत्री मनियार ने विनाली वीरप्पुली (शून्य) काे आउट कर भारत को 106 रनों से जीत दिला दी। भारत की ओर मैत्री मनियार, पूर्वा सिवाच और उमा काशवी ने दो-दो विकेट लिये। निधि महतो और अनादि तगड़े ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Also Read : ‘किंग’ के ‘डैडी कूल’ में शाहरुख-करीना का जबरदस्त स्वैग

इससे पहले आज यहां भारतीय महिला अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। दीया यादव और ईश्वरी अवसरे की सलामी जोड़ी ने तेजी से रन बनाते हुए पहले विकेट के लिए 40 रन जोड़े। मारिया एंड्रयूज ने ईश्वरी अवसरे (18) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद सृष्टि पाटिल ने ईरा जाधव (10) और कप्तान भाविका अहीरे (शून्य) को आउट कर भारत को संकट में डाल दिया।

ऐसे संकट के समय अक्साह परमार ने दीया यादव के साथ पारी को संभाला तथा तेजी के साथ रन भी बटोरे। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए 104 रनों की शतकय साझेदारी हुई। 17वें ओवर में ब्रायोनी गिलग्रास ने शतक की ओर बढ़ रही दीया यादव को बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। दीया यादव ने 49 गेंदों में 12 चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 87 रनों की पारी खेली। उमा काशवी 15 रन बनाकर आउट हुई। भारतीय महिला अंडर-19 टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 230 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version