आईपीएल 2026 का 44वां मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और मुंबई इंडियंस (एमआई) के बीच एमए चिदंबरम स्टेडियम में शनिवार की शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। क्या एमआई सीएसके को उसके घर में हराएगी या सीएसके अपने घर में एमआई को हराकर 2 अंक लेगी, ये देखना काफी रोमांचक होगा।
सीएसके और एमआई दोनों ही लीग के इतिहास की सबसे सफल टीमें हैं। दोनों के पास 5-5 आईपीएल खिताब हैं। मौजूदा सीजन में दोनों ही टीमों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है।
सीएसके 8 मैचों में 3 जीत के साथ 6 अंक लेकर अंकतालिका में सातवें स्थान पर है। टीम को अगर प्लेऑफ में पहुंचना है तो बाकी के 6 मैचों में कम से कम 5 मैच जीतने होंगे। इसलिए अपने घर में सीएसके एमआई के खिलाफ जीत दर्ज करने के लिए पूरी जान लगाएगी।
Also Read : छत्तीसगढ़: कांकेर-नारायणपुर सीमा पर आईईडी ब्लास्ट में 3 जवान शहीद
एमआई का प्रदर्शन सीएसके से भी खराब रहा है। एमआई सीजन के 8 मैचों में सिर्फ 2 मैच जीत सकी है और अंकतालिका में नौवें स्थान पर है। एमआई ने कई बार ऐसी ही स्थितियों से निकलते हुए प्लेऑफ में जगह बनाई है। इस बार भी टीम को अगर प्लेऑफ में जाना है, तो बाकी के सभी 6 मैच जीतने होंगे और इसकी शुरुआत सीएसके के खिलाफ करनी होगी।
एमआई को सीजन के पहले मुकाबले में अपने घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में सीएसके के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। एमआई उस हार का बदला लेने की कोशिश भी करेगी।
सीएसके के लिए एमएस धोनी और एमआई के लिए रोहित शर्मा खेलेंगे या नहीं, इस बात को लेकर भी फैंस के बीच उत्सुकता है।
पिच की बात करें तो मैच पिच नंबर 5 पर खेला जाएगा। यह वही पिच है जिस पर पंजाब किंग्स ने 210 रन का लक्ष्य हासिल किया था। पिछले पांच मैचों में 192 रन के औसत स्कोर के साथ, पिच बल्लेबाजी के अनुकूल हो गई है।
चेन्नई में मैच के दौरान तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। दिन में धूप खिली रहेगी। बारिश की संभावना 2 प्रतिशत है।
दोनों टीमों के बीच अब तक 40 मैच खेले गए हैं। एमआई ने 21, जबकि सीएसके ने 19 मैचों में जीत हासिल की है।
Pic Credit : ANI
