Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

विमेंस टी20 वर्ल्ड कप से पहले ‘नंबर-1’ गेंदबाज बनीं लिंसी स्मिथ

इंग्लैंड की लेफ्ट-आर्म स्पिनर लिंसी स्मिथ विमेंस टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले अपने करियर में पहली बार आईसीसी विमेंस टी20 अंतरराष्ट्रीय बॉलिंग रैंकिंग के शिखर पर पहुंच गई हैं। 

31 वर्षीय खिलाड़ी ने न्यूजीलैंड और भारत के खिलाफ लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान की सादिया इकबाल को पछाड़कर ‘नंबर-1’ स्थान हासिल किया है। स्मिथ को यह ताज ‘व्हाइट फर्न्स’ (न्यूजीलैंड) के खिलाफ ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ के तौर पर बेहतरीन प्रदर्शन और ब्रिस्टल में भारत के विरुद्ध इंग्लैंड की हालिया जीत में एक और प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद मिला है।

लिंसी स्मिथ ने साल 2018 में इंटरनेशनल डेब्यू किया था, जिसके बाद लंबे वक्त तक नेशनल टीम से बाहर बैठना पड़ा। पिछले साल के आखिर में ही इंग्लैंड की टी20 टीम में एक निमयित सदस्य के तौर पर अपनी जगह पक्की करने के बाद, अब वह इस वर्ल्ड कप में इस फॉर्मेट की सबसे ऊंची रैंक वाली गेंदबाज के तौर पर उतर रही हैं।

इंग्लैंड के शानदार प्रदर्शन की झलक गेंदबाजी रैंकिंग में दूसरी जगहों पर भी देखने को मिली है। तेज गेंदबाज लॉरेन बेल एक स्थान ऊपर चढ़कर तीसरे नंबर पर पहुंच गई हैं। वहीं, स्टैंड-इन कप्तान चार्ली डीन दो स्थान ऊपर चढ़कर पांचवें नंबर पर आ गईं।

Also Read : 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की सफलता पर आईआईएम इंदौर करेगा अध्ययन

भारत की उभरती हुई स्पिनर श्री चरणी इस ताजा रैंकिंग में सबसे ज्यादा फायदा पाने वाली खिलाड़ियों में से एक रहीं। इंग्लैंड के खिलाफ 3 विकेट लेने के बाद चरणी 7 पायदान ऊपर चढ़कर चौथे नंबर पर पहुंच गई हैं। टॉप 10 गेंदबाजों के बीच सिर्फ 39 रेटिंग प्वाइंट्स का अंतर है। ऐसे में वर्ल्ड कप से पहले ‘नंबर 1’ बनने की दौड़ रोमांचक बनी हुई है।

बल्लेबाजी रैंकिंग में, ऑस्ट्रेलियाई ओपनर जॉर्जिया वोल ने टॉप स्थान बरकरार रखा है। इस बीच टॉप 10 से बाहर मौजूद कई खिलाड़ियों ने भी रैंकिंग में काफी सुधार किया।

भारत की जेमिमा रोड्रिग्स बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 स्थान की छलांग लगाकर संयुक्त रूप से 11वें स्थान पर पहुंच गई हैं। आयरलैंड की ऑलराउंडर ओर्ला प्रेंडरगास्ट 10 स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 16वें स्थान पर पहुंच गईं, जिन्होंने डबलिन में वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 71 रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी। इस आयरिश स्टार को ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में भी और सफलता मिली, जिसमें वह एक स्थान ऊपर चढ़कर छठे स्थान पर पहुंच गई हैं।

दूसरी तरफ, बांग्लादेशी कप्तान निगार सुल्ताना ने भी बल्लेबाजों की रैंकिंग में 4 स्थान की छलांग लगाते हुए 20वां स्थान हासिल कर लिया है। पाकिस्तान की सलामी बल्लेबाज मुनीबा अली दो स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 32वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version