Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

मोहम्मद सिराज: कभी न थकने वाला तेज गेंदबाज

एक समान जोश और धैर्य के साथ आक्रामक तरीके मौजूदा समय में कोई तेज गेंदबाज लंबा स्पेल डाल सकता है, तो उसमें पूरी दुनिया में भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। सिराज कभी न थकने वाली अपनी जीवटता के लिए जाने जाते हैं। 

दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज का जन्म 13 मार्च 1994 को सिकंदराबाद में हुआ था। उनके पिता ऑटो ड्राइवर थे। इसलिए एक क्रिकेटर के तौर पर उनकी यात्रा बेहद मुश्किल रही है। हालांकि देश के लिए खेलने की इच्छा और कड़ी मेहनत की वजह से वह मौजूदा क्रिकेट के शीर्ष गेंदबाजों में गिने जाते हैं। 

सिराज ने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत 16 साल की उम्र में की थी और 19 साल की उम्र में क्लब क्रिकेट खेलना शुरू किया था। सिराज की क्षमता ने 19 साल की उम्र में ही रणजी ट्रॉफी में उन्हें हैदराबाद के लिए डेब्यू करवाया। 2016-17 के रणजी ट्रॉफी टूर्नामेंट के दौरान, वह 18.92 की औसत से 41 विकेट लेकर हैदराबाद के लिए सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। सिराज 2017-18 विजय हजारे ट्रॉफी में सात मैचों में 23 विकेट लेने के साथ अग्रणी विकेट लेने वाले खिलाड़ी थे। 

Also Read : आईपीएल 2026: गुजरात टाइटंस ने मैथ्यू हेडन को बनाया बल्लेबाजी कोच

घरेलू क्रिकेट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले सिराज ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 2017 में टी20 से आगाज किया था। वनडे में उनका डेब्यू 2019 और टेस्ट में 2020 में हुआ था। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू के बाद से सिराज ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा है।

सिराज एक टीम मैन हैं। उनकी खासियत कभी न थकना है और टीम की हर जरूरत के समय उपलब्ध रहना है। एक तेज गेंदबाज के लिए 140 के आसपास की गति से लंबे स्पेल डालना मुश्किल होता है, लेकिन सिराज कभी नहीं कहते। भारत हो या विदेशी जमीन, सिराज को टेस्ट मैचों में बिना थके लगातार गेंदबाजी करते देखा जा सकता है। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के लंबे दौरों पर सिराज एकमात्र गेंदबाज होते हैं जो हर टेस्ट का हिस्सा होते हैं। हालिया ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दौरा भी इसका उदाहरण है। गति के साथ, स्विंग और उछाल सिराज को खतरनाक बनाती है। तीनों फॉर्मेट में कई बार भारत में या फिर विदेशी धरती पर वह अकेले दम पर टीम को मैच जिता चुके हैं। 

21 जनवरी 2023 को, सिराज आईसीसी की वनडे रैंकिंग में नंबर वन गेंदबाज बने थे। वह अब तक 45 टेस्ट मैचों में 139, 50 वनडे में 76, और 17 टी20 में 17 विकेट ले चुके हैं। इसके अलावा, 108 आईपीएल मैचों में 109 विकेट ले चुके हैं। 

सिराज 2023 में एशिया कप जीतने वाली टीम इंडिया के सदस्य रहे थे। वह वनडे विश्व कप 2023 का फाइनल खेलने वाली टीम इडिया का भी हिस्सा थे। सिराज टी20 विश्व कप 2024 और टी20 विश्व कप 2026 जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। भविष्य में सिराज से भारतीय टीम को बड़े आईसीसी टूर्नामेंट्स खासकर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में मैच विजयी प्रदर्शन की उम्मीद है। 

Pic Credit : ANI

Exit mobile version