Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

वनडे सीरीज: मंधाना-कौर ने लगाए अर्धशतक

भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने वनडे सीरीज के पहले मैच में जीत के लिए 215 रन का टारगेट रखा है। टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टी20 सीरीज 2-1 से जीतने के बाद वनडे सीरीज पर भी कब्जा जमाने के इरादे से उतरी है। 

एलन बॉर्डर फील्ड पर टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम 48.3 ओवरों में महज 214 रन पर सिमट गई। भारत की शुरुआत खराब रही। टीम इंडिया को मैच की दूसरी ही गेंद पर प्रतीका रावल (0) के रूप में बड़ा झटका लगा, उस समय तक टीम का खाता नहीं खुला था। 

यहां से स्मृति मंधाना ने शेफाली वर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 25 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की। शेफाली ने इस पारी में फैंस को निराश किया। वह 17 गेंदों में सिर्फ 4 ही रन बना सकीं। मंधाना ने जेमिमा रोड्रिगेज (8) के साथ तीसरे विकेट के लिए 27 रन जुटाकर टीम को 50 के पार पहुंचाया।

जेमिमा के पवेलियन लौटने के बाद मंधाना ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ चौथे विकेट के लिए 72 गेंदों में 48 रन जोड़कर भारत का शतक पूरा करवाया। मंधाना 68 गेंदों में 7 चौकों के साथ 58 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद कप्तान कौर ने पारी को संभाला।

Also Read : दिल्ली: चुनाव आयोग का राउंड टेबल सम्मेलन शुरू

हरमनप्रीत कौर ने 84 गेंदों में 53 रन की पारी खेली, जिसमें 3 चौके शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने ऋचा घोष के साथ 37 रन, जबकि काश्वी गौतम के साथ 53 रन टीम के खाते में जोड़े।

ऋचा घोष ने 38 गेंदों में 2 चौकों के साथ 23 रन बनाए, जबकि काश्वी ने 44 गेंदों में 43 रन की पारी खेलकर भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।

ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एश्ले गार्डनर ने 33 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि मेगन शट्ट ने 2 विकेट निकाले। डार्सी ब्राउन, अलाना किंग, ताहलिया मैकग्राथ और सोफी मोलिनेक्स ने 1-1 विकेट निकाला।

भारत की प्लेइंग इलेवन: स्मृति मंधाना, प्रतीक रावल, शेफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिगेज, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, काश्वी गौतम, श्री चरणी, क्रांति गौड़ और रेणुका सिंह ठाकुर।

ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन: एलिसा हीली (कप्तान), फोएबे लिचफील्ड, जॉर्जिया वोल, बेथ मूनी (विकेटकीपर), एनाबेल सदरलैंड, एश्ले गार्डनर, ताहलिया मैकग्राथ, सोफी मोलिनेक्स, अलाना किंग, मेगन शट्ट और डार्सी ब्राउन।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version