Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

आईसीसी की बैठक में डब्ल्यूटीसी के विस्तार की होगी चर्चा

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) बोर्ड की यहां होने वाली आगामी बैठक में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के विस्तार के प्रस्ताव पर चर्चा हो सकती है। इस प्रस्ताव के अनुसार अगले चरण से आईसीसी के सभी 12 पूर्ण सदस्य देश डब्ल्यूटीसी का हिस्सा होने चाहिए।

इस बैठक में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के भविष्य को लेकर एक रणनीतिक समीक्षा और संभावित रूप से अंतिम रूप दिए जा चुके भविष्य दौरा कार्यक्रम (एफआईपी) पर भी चर्चा हो सकती है। आईसीसी की 2026 की आख़िरी तिमाही बैठक बुधवार को शुरू हुई और रविवार को समाप्त होगी।

फिलहाल अपने चौथे चक्र में चल रही नौ टीमों की डब्ल्यूटीसी के प्रारूप पर काफी समय से चर्चा होती रही है। एक समय दो स्तरों वाली लीग का प्रस्ताव भी सामने आया था। हालांकि पिछले एक साल में डब्ल्यूटीसी को एक ही डिविज़न में सभी 12 पूर्ण सदस्य देशों तक फैलाने के प्रस्ताव को ज़ोर मिला था, लेकिन अब इन योजनाओं पर संकट के बादल मंडराते दिख रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि अगला चक्र भी संभवतः केवल नौ टीमों के साथ ही खेला जाएगा। 

Also Read : सोनिया ने 1984 के दंगों पर राजीव गांधी का किया बचाव

इसका मतलब है कि जिम्बाब्वे, आयरलैंड और अफगानिस्तान को इससे बाहर ही रहना पड़ सकता है। हालांकि, ज़िम्बाब्वे को शामिल करके इसे 10 टीमों की प्रतियोगिता बनाने की संभावना अब भी है, लेकिन 12 टीमों की संभावना कम है। आयरलैंड की ओर से निकट भविष्य में टेस्ट क्रिकेट खेलने की इच्छा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि उनका क्रिकेट बोर्ड आर्थिक दबाव से जूझ रहा है।

इस बीच यह बात सामने आई है कि इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) इस टूर्नामेंट के विस्तार के खिलाफ है। विस्तार होने पर उन्हें ज़्यादा यात्रा करनी पड़ेगी और इससे उनके घरेलू क्रिकेट के लिए उपलब्ध समय भी कम हो जाएगा।

माना जा रहा है कि ईसीबी जिम्बाब्वे और आयरलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट खेलने के लिए तैयार है, जो डब्ल्यूटीसी का हिस्सा नहीं होंगे। लेकिन तालिबान सरकार के महिला विरोधी रूख़ के कारण वे अफगानिस्तान के खिलाफ नहीं खेलना चाहते।

अगर मौजूदा व्यवस्था जारी रहती है, तो ज़िम्बाब्वे को निराशा होगी। वे डब्ल्यूटीसी का हिस्सा बनने के लिए काफ़ी प्रयास कर रहे है, क्योंकि इससे उन्हें ज़्यादा टेस्ट खेलने का अवसर मिलेगा। उन्होंने 2025 में 10 टेस्ट खेले थे, लेकिन इस साल अब तक सिर्फ़ दो टेस्ट खेले हैं।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version