Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

निजी कारणों के चलते यश दयाल आईपीएल 2026 से बाहर

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है, जिससे पहले डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज यश दयाल निजी कारणों के चलते पूरे टूर्नामेंट से बाहर रहेंगे। फ्रेंचाइजी ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की है। आरसीबी 28 मार्च को बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के साथ अपना अभियान शुरू करने जा रही है। 

दयाल का ट्रेनिंग सेशन से नदारद रहना और टीम बस के पोस्टर पर उनकी तस्वीर का न होना, पहले ही उनके बाहर होने की अफवाहों को हवा दे चुका था। अब आरसीबी के क्रिकेट डायरेक्टर, मो बोबाट ने उनके बाहर होने से जुड़े सभी शक दूर कर दिए हैं।

बोबाट ने यह भी कहा कि भले ही दयाल टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले रहे हैं, लेकिन फिर भी वह कॉन्ट्रैक्ट का हिस्सा बने रहेंगे। टीम मैनेजमेंट इस मुश्किल समय में भी खिलाड़ी का साथ देता रहेगा।

बोबाट ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा मैं बस यह पुष्टि करना चाहता हूं कि यश टीम के साथ नहीं जुड़ेंगे। जैसा कि आप जानते हैं, वह अभी एक निजी मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। 

Also Read : न्यूजीलैंड बनाम साउथ अफ्रीका: चोट के चलते पांचवें टी20 से बाहर हुए टॉम लाथम

मैं यह भी स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि हमने अब तक यश का पूरा साथ दिया है। इस बात का सबूत यह है कि जब हमारे पास खिलाड़ियों को रिटेन करने या रिलीज करने का मौका था, तब भी हमने उन्हें रिटेन किया। हम उन्हें रिटेन करना चाहते थे। वह अभी भी कॉन्ट्रैक्ट में हैं और आने वाले कुछ समय तक कॉन्ट्रैक्ट में ही बने रहेंगे।

उन्होंने कहा हम यश दयाल से लगातार संपर्क में हैं। मैंने आज उनसे पहले भी बात की थी, लेकिन यह तय किया गया है कि इस समय उनका हमारे साथ जुड़ना न तो उनके अपने हित में है और न ही फ्रेंचाइजी के हित में है। हमारा समर्थन उनके साथ बना रहेगा, और वह अभी भी हमारे साथ कॉन्ट्रैक्ट में हैं। जब वह अपनी निजी मुश्किलों से गुजर रहे होंगे, तब भी हम उनसे बातचीत जारी रखेंगे।

यश दयाल ने हाल ही में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्वेता पुंडीर से शादी रचाई है। वह पिछले कुछ समय से बड़े विवादों के केंद्र में रहे हैं। कुछ महीने पहले उन्हें अग्रिम जमानत देने से मना कर दिया गया था, क्योंकि वह एक ऐसे मामले में शामिल थे जिसमें उन पर कथित तौर पर एक नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार करने का आरोप था।

यह विवाद जुलाई 2025 में तब शुरू हुआ, जब उनके खिलाफ शादी का झांसा देकर एक महिला का कथित तौर पर शोषण करने का आरोप लगाते हुए एक मुकदमा दायर किया गया। इसके बाद जयपुर में उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत एक और नया मामला सामने आया।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version