Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

नॉर्थरोप ग्रुम्मन सीआरएस-24 मिशन लॉन्च की तैयारी में नासा

अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा ने नॉर्थरोप ग्रुम्मन के कमर्शियल रिस्पलाई सर्विसेज-24 (सीआरएस-24) कार्गो मिशन लॉन्च की तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह मिशन 11 अप्रैल की सुबह 7 बजकर 41 मिनट (ईडीटी) पर होने वाला है। भारतीय समयानुसार शनिवार शाम 5 बजकर 11 मिनट पर होगा।

इस मिशन के तहत नॉर्थरोप ग्रुम्मन का साइगनस एक्सएल स्पेसक्राफ्ट लगभग 11,000 पाउंड (करीब 5,000 किलोग्राम) वैज्ञानिक सामग्री, उपकरण और जरूरी आपूर्ति लेकर इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (आईएसएस) की ओर रवाना होगा। साइगनस एक्सएल सिग्नस स्पेसक्राफ्ट का बड़ा और भारी मालवाहक वर्जन है, जो सौर ऊर्जा से चलता है। इस स्पेसक्राफ्ट को स्पेसएक्स के फालकोन 9 रॉकेट पर सवार होकर फ्लोरिडा के कैप कैनेवेरल स्पेस फोर्स स्टेशन के स्पेस लॉन्च कॉमप्लेक्स 40 से लॉन्च किया जाएगा। इस मिशन को नासा के नॉर्थरोप ग्रुम्मन सीआरएस 24 या सीआरएस-24 के नाम से जाना जाता है।

लॉन्च के बाद 13 अप्रैल को दोपहर 12 बजकर 50 मिनट (ईडीटी) पर आईएसएस पर मौजूद अंतरिक्ष यात्री कैनेडेम 2 रोबोटिक आर्म की मदद से साइगनस एक्सएल को कैप्चर करेंगे। इसके बाद इसे यूनिटी मॉड्यूल के पृथ्वी की ओर वाले पोर्ट से जोड़ दिया जाएगा, ताकि कार्गो को आसानी से उतारा जा सके।

Also Read : अमेरिका-ईरान शांति वार्ता के लिए वेंस पहुंचे पाकिस्तान, ईरानी डेलिगेशन में 71 लोग शामिल

इस स्पेसक्राफ्ट में कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक प्रयोग भेजे जा रहे हैं। इनमें कोल्ड एटम लैब के लिए नया मॉड्यूल शामिल है, जो क्वांटम साइंस को आगे बढ़ाएगा और कंप्यूटिंग टेक्नोलॉजी में सुधार के साथ डार्क मैटर की खोज में मदद कर सकता है। इसके अलावा खून की बीमारियों और कैंसर के इलाज के लिए थेराप्यूटिक स्टेम सेल बनाने का हार्डवेयर, आंत के माइक्रोबायोम का अध्ययन करने वाला मॉडल जीव और स्पेस वेदर मॉडल को बेहतर बनाने वाला रिसीवर भी शामिल है।

इस स्पेसक्राफ्ट का नाम नासा के पूर्व अंतरिक्ष यात्री स्टीवन आर नागेल के सम्मान में एस एस स्टीवन आर नागेल रखा है। यह स्पेसक्राफ्ट अक्टूबर 2026 तक आईएसएस से जुड़ा रहेगा। उसके बाद यह कचरा लेकर पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश कर सुरक्षित रूप से जलकर नष्ट हो जाएगा।

नासा ने लॉन्च और कैप्चर की पूरी कवरेज नासा+, अमेजन प्राइम और यूट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारित करने की व्यवस्था की है। लॉन्च कवरेज शनिवार सुबह 7 बजकर 20 मिनट (भारतीय समयानुसार दोपहर 4 बजकर 50 मिनट) से शुरू होगी।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version