Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

इंडिगो मुंबई से दार एस सलाम के लिए शुरू करेगी सीधी उड़ान

देश की प्रमुख विमान सेवा कंपनी इंडिगो मुंबई से तंजानिया के दार एस सलाम के लिए सीधी उड़ान शुरू करेगी।

एयरलाइंस ने गुरुवार को बताया कि यह सेवा इस साल 20 नवंबर से शुरू होगी। यह दैनिक उड़ान होगी। इस नयी सेवा के साथ इंडिगो मुंबई और दार एस सलाम के बीच सीधी कनेक्टिविटी देने वाली एकमात्र भारतीय विमान सेवा कंपनी बन जायेगी। इन उड़ानों के लिए बुकिंग शुरू हो गयी है। यात्री इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या अधिकृत ट्रैवल पार्टनर के माध्यम से बुकिंग करा सकते हैं।

इंडिगो की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि भारत और तंजानिया के बीच लंबे समय से व्यापार, वाणिज्य और सांस्कृतिक आदान-प्रदान पर आधारित संबंध रहे हैं। भारत तंजानिया के सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों में से एक है। विनिर्माण कृषि और स्वास्थ्य जैसे कई क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ रहा है। सीधी दैनिक विमान सेवा शुरू होने से भारत और पूर्वी अफ्रीका के बीच हवाई संपर्क बेहतर होगा। इससे व्यापार, निवेश, पर्यटन और शैक्षिक आदान-प्रदान को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Also Read : ‘हनुमान अंश’ के लिए विशाल चतुर्वेदी ने छोड़ी डिजिटल दुनिया

मुंबई से उड़ान संख्या 6ई 1851 रात 2.20 बजे रवाना होकर स्थानीय समय के अनुसार सुबह 6.05 बजे दार एस सलाम पहुंचेगी। वापसी की उड़ान 6ई 1852 स्थानीय समय के अनुसार सुबह 7.05 बजे चलकर दिन के 3.55 बजे मुंबई पहुंचेगी।

इंडिगो के मुख्य रणनीतिक अधिकारी आलोक सिंह ने कहा मुंबई और दार एस सलाम के बीच सीधी रोजाना उड़ानें शुरू करना भारत और तेजी से बढ़ते वैश्विक बाजारों के बीच मजबूत संबंध बनाने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। तंजानिया भारत के लिए एक महत्वपूर्ण आर्थिक साझेदार और पूर्वी अफ्रीका का प्रवेश द्वार है, जहां व्यापार, निवेश, पर्यटन और सांस्कृतिक संबंधों के कारण यात्रा की मांग बढ़ रही है। सीधी उड़ान मुहैया कराने के पीछे हमारा लक्ष्य लोगों की आवाजाही को आसान बनाना, आर्थिक संबंधों को गहरा करना और समाज तथा व्यापार को एक-दूसरे के करीब लाना है।

अफ्रीकी शहरों में इंडिगो अभी भारत से नैरोबी, मॉरिशस और सेशेल्स के लिए सीधी उड़ानें संचालित करती है। कंपनी फिलहाल अपने वैश्विक नेटवर्क को बढ़ाने का प्रयास कर रही है।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version