Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

जियो ने रचा इतिहास, पहली बार किसी आईपीओ के लिए आए एक करोड़ आवेदन

रिलायंस इंडस्ट्रीज की दूरसंचार इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स के प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) ने एक करोड़ आवेदन के साथ नया इतिहास लिख दिया है।

कंपनी सूत्रों ने दावा किया कि भारतीय शेयर बाजार के इतिहास में पहली बार किसी आईपीओ में आवेदनों की संख्या एक करोड़ के पार पहुंच गई है। यह एक विश्व कीर्तिमान भी है। आईपीओ के तीसरे और आखिरी दिन दोपहर 12 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, आईपीओ में अब तक 1,00,15,118 आवेदन आ चुके हैं।

आईपीओ कुल 6.89 गुना सबस्क्राइब हो चुका है। बड़े संस्थागत निवेशकों की श्रेणी में 14.38 गुना सबस्क्रिप्शन मिला है। इससे पहले सबसे ज्यादा आवेदन का रिकॉर्ड वारी एनर्जीज के नाम था। अक्टूबर 2024 में उसके आईपीओ को 97.34 लाख आवेदन मिले थे। जियो ने अब यह रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

Also Read : शेयर बाजारों में शुरुआती तेजी के बाद गिरावट, सेंसेक्स करीब 800 अंक लुढ़का

जियो आईपीओ में पहले दिन करीब 30.5 लाख आवेदन आए थे। दूसरे दिन के अंत तक यह संख्या 75 लाख पार कर गई और तीसरे दिन एक करोड़ का ऐतिहासिक आंकड़ा भी पार हो गया।

जियो आईपीओ में निवेशकों की मांग सभी प्रमुख श्रेणियों में मजबूत बनी हुई है। गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी 9.38 गुना सबस्क्राइब हो चुकी है। खुदरा श्रेणी 2.07 गुना, रिलायंस के कर्मचारियों का कोटा 2.48 गुना और शेयरहोल्डर कोटा 5.68 गुना सबस्क्राइब हुए हैं। जियो आईपीओ 21 अक्टूबर को खुला था।

आवेदन के लिए आज आखिरी दिन है। शाम सात बजे तक बोली लगाई जा सकेगी। देश के अब तक के सबसे बड़े 30,213 करोड़ रुपये के जियो के आईपीओ के लिए 23 अक्टूबर तक बोलियां लगाई जा सकती हैं। इसके लिए मूल्य का दायरा 1,065 रुपये से 1,119 रुपये रखा गया है और 12 शेयरों का लॉट तय किया गया है।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version