Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

एनबीसीसी का दूसरी तिमाही का मुनाफा 34 फीसदी बढ़कर 210 करोड़ पर

सार्वजनिक क्षेत्र की निर्माण कंपनी एनबीसीसी को चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में समेकित आधार पर 210 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है जो एक साल पहले की तुलना में 34 प्रतिशत अधिक है।

एनबीसीसी के निदेशक मंडल ने 25 पैसे प्रति शेयर के अंतरिम लाभांश की घोषणा की है। यह चालू वित्त वर्ष के लिए कंपनी द्वारा दिया जाने वाला दूसरा लाभांश है। इसके लिए 11 नवंबर की शेयरधारिता को आधार बनाया जाएगा। तिमाही के दौरान कंपनी की परिचालन आय समेकित आधार पर 17 फीसदी बढ़कर 3,396 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।

Also Read : फिल्म ‘अफरातफरी’ 13 नवंबर को मराठी जी5 पर होगी रिलीज

कंपनी ने बताया कि तिमाही के दौरान उसने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए ऑर्डर हासिल किए। उसे भारतीय रिजर्व बैंक से अमरावती स्थित उसके कार्यालय एवं आवासीय परिसरों के लिए करीब 780 करोड़ रुपये का एक परियोजना प्रबंधन परामर्श कार्य तथा भारत तिब्बत सीमा पुलिस से लद्दाख में सीमा पर स्थित 28 चौकियों पर बुनियादी ढांचों के विकास के लिए लगभग 235 करोड़ रुपये का एक कार्यादेश प्राप्त हुआ है।

कंपनी ने सेशेल्स सरकार के साथ 1,008 आवासीय इकाइयों वाली इल ऑरोर आवासीय परियोजना के लिए समझौता किया है। उसने ऑस्ट्रेलिया में अपनी शाखा कार्यालय का भी पंजीकरण कराया है। 

Pic Credit : UNI

Exit mobile version