Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

लगातार तीसरे दिन लुढ़के शेयर बाजार

Share Market

विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों और कच्चे तेल में तेजी से घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को बिकवाली देखी गयी, विशेषकर आईटी सेक्टर में ज्यादा गिरावट रही।

प्रमुख सूचकांकों में यह लगातार तीसरी गिरावट है। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 361 अंक गिरकर 75,216 अंक पर खुला और पूरे दिन लाल निशान में रहा। अंतिम घंटे में बाजार में बिकवाली तेज हो गयी। सेंसेक्स अंत में 813.35 अंक (1.08 प्रतिशत) नीचे 74,764.23 अंक पर रहा।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 203.60 अंक यानी 0.86 प्रतिशत टूटकर 23,431.50 अंक पर आ गया। यह दोनों प्रमुख सूचकांकों का इस साल 11 जून के बाद का निचला स्तर है।

अमेरिकी शेयर बाजारों में मंगलवार को रही गिरावट का असर आज दुनिया भर में देखा गया। विशेषकर भारतीय बाजारों में आईटी कंपनियों में बड़ी बिकवाली रही।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल में रही तेजी और रुपये में गिरावट से भी निवेश धारणा कमजोर हुई है। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा आज ढाई प्रतिशत चढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया।

घरेलू स्तर पर सेक्टर आधारित सूचकांकों में निफ्टी आईटी 3.24 प्रतिशत गिर गया। रियल्टी समूह के सूचकांक में 2.23 प्रतिशत और वित्तीय समूह में 1.24 प्रतिशत की गिरावट देखी गयी। धातु समूह की 1.79 प्रतिशत की तेजी को छोड़कर अन्य सभी सूचकांक लाल निशान में रहे। एफएमसीजी, बैंकिंग और मीडिया सूचकांक भी एक प्रतिशत के करीब टूटे।

Also Read : उच्चतम न्यायालय ने सीजेपी के विरोध प्रदर्शन को लेकर एक छात्र को जारी नोटिस पर सवाल उठाए

एनएसई में जिन 3,676 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,092 के शेयर नीचे और 1,481 के बढ़त के साथ बंद हुए। अन्य 103 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।

वृहत बाजार में चौतरफा बिकवाली देखी गयी। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.55 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.48 प्रतिशत फिसल गया।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 24 के शेयर नुकसान में बंद हुए। एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर 4.55 प्रतिशत गिर गया। सबसे अधिक नुकसान उठाने वाली अगली तीन कंपनियां भी आईटी सेक्टर से ही रहीं। इंफोसिस का शेयर 4.43 प्रतिशत, टेक महिंद्रा का 3.87 टीसीएस का 2.26 प्रतिशत लुढ़क गया।

एचडीएफसी बैंक में 2.23 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनीलिवर में 1.89, बजाज फाइनेंस में 1.42, अल्ट्राटेक सीमेंट में 1.39, भारती एयरटेल में 1.14, बीईएल में 1.05, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1.03, आईटीसी में 0.91 और इंडिगो में 0.90 प्रतिशत की गिरावट रही। एलएंडटी, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, सन फार्मा, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा और इटरनल के शेयर भी लाल निशान में बंद हुए।

अडानी पोर्ट्स में 3.67 प्रतिशत की तेजी देखी गयी। टाटा स्टील का शेयर 2.42 प्रतिशत और ट्रेंट का 1.12 प्रतिशत चढ़ा। एनटीपीसी का शेयर भी बढ़त में रहा।

वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 0.19 प्रतिशत और हांगकांग का हैंगसेंग 0.17 प्रतिशत गिर गया। चीन का शंघाई कंपोजिट 0.28 प्रतिशत की बढ़त में रहा। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 1.49 फीसदी और ब्रिटेन का एफटीएसई 1.02 प्रतिशत की गिरावट में था।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version