Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

‘रामायणम्’ में कैकेयी और मंथरा के रूप में नजर आएंगी लारा दत्ता और शीबा चड्ढा

फिल्म ‘रामायणम्’ के निर्माताओं ने रानी कैकेयी के रूप में लारा दत्ता और मंथरा के रूप में शीबा चड्ढा के कैरेक्टर पोस्टर जारी किए हैं। ये दोनों किरदार रामायण की कहानी के अहम मोड़ से जुड़े हैं, जिनके फैसलों और संवादों से भगवान राम के जीवन की दिशा बदल जाती है।

निर्माताओं की ओर से जारी पोस्टरों में लारा दत्ता को रानी कैकेयी के शाही अंदाज में दिखाया गया है। पारंपरिक पोशाक और आभूषणों से सुसज्जित उनका लुक अयोध्या की रानी की भव्यता को दर्शाता है। वहीं, शीबा चड्ढा मंथरा के किरदार में एक अलग अंदाज में नजर आ रही हैं।

फिल्म की कहानी में कैकेयी की दो इच्छाएं राजा दशरथ और भगवान राम के जीवन में निर्णायक बदलाव लाती हैं। वहीं, मंथरा की सलाह कैकेयी के फैसले को प्रभावित करती है, जिसके परिणामस्वरूप राम को वनवास जाना पड़ता है और अयोध्या की राजनीति एवं राजपरिवार का भविष्य बदल जाता है।

Also Read : होम्बले फिल्म्स दुनियाभर में रिलीज करेगी मराठी फिल्म ‘गोंधल’

निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर पोस्टर साझा करते हुए कैकेयी की इच्छाओं को राम के भाग्य में बदलाव और मंथरा की बातों को घटनाओं की दिशा बदलने वाली कड़ी के रूप में पेश किया है।

इससे पहले फिल्म में राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे अरुण गोविल का पोस्टर जारी किया गया था। टेलीविजन पर भगवान राम की भूमिका से लोकप्रिय हुए अरुण गोविल अब इस फिल्म में अयोध्या के राजा दशरथ के किरदार में नजर आएंगे।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायणम्’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं।

नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर इस फिल्म का निर्माण किया है। दो भागों में बन रही यह फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी। फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित करने की योजना है। फिल्म को आईमैक्स प्रारूप में भी रिलीज किया जाएगा।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version