दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार प्रभास के जन्मदिन के अवसर पर उनकी आगामी फिल्म ‘फौजी’ का दमदार टीजर जारी किया गया है। टीजर में प्रभास आजादी की लड़ाई के दौर में अंग्रेजों के खिलाफ विद्रोह करने वाले एक निडर सैनिक की भूमिका में नजर आ रहे हैं। फिल्म की इस झलक ने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।
हनु राघवपुड़ी के निर्देशन में बन रही ऐतिहासिक पृष्ठभूमि वाली इस फिल्म में प्रभास एक बिल्कुल अलग और दमदार अवतार में दिखाई देंगे। फिल्म की कहानी ब्रिटिश शासन के दौर की है, जिसमें एक विद्रोही योद्धा साम्राज्य के खिलाफ संघर्ष करता नजर आएगा।
Also Read : महिलाओं के पहनावे टिप्पणी और ट्रोलिंग के खिलाफ कृति सेनन ने उठाई आवाज
टीजर की शुरुआत बर्लिन के एक दृश्य से होती है, जहां एडॉल्फ हिटलर और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के बीच भारत में अंग्रेजों के अत्याचारों को लेकर गंभीर चर्चा दिखाई गई है। इसके बाद एक ऐसे योद्धा की झलक मिलती है, जो ब्रिटिश साम्राज्य के खिलाफ चुनौती बनकर उभरता है। प्रभास के प्रभावशाली लुक और एक्शन दृश्यों ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
मेकर्स ने प्रभास के जन्मदिन पर टीजर साझा करते हुए इसे ‘डीक्लासिफाइड फाइल नंबर 25’ बताया है। फिल्म की कहानी और प्रस्तुति को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज हो गई है।
‘फौजी’ का निर्माण माइथ्री मूवी मेकर्स ने किया है, जबकि टी-सीरीज फिल्म्स इसे प्रस्तुत कर रही है। फिल्म के निर्माता नवीन येरनेनी, वाई. रवि शंकर और भूषण कुमार है।
Pic Credit : UNI
