Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

बिहार: भाजपा ने प्रशांत किशोर के खिलाफ साइबर थाने में दर्ज कराई एफआईआर

बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर नए विवाद में फंस गए हैं। भारतीय जनता पार्टी ने प्रशांत किशोर पर सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल करने के आरोप लगाए। इसको लेकर भाजपा की बिहार इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने प्रशांत किशोर के खिलाफ साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। 

दिलीप जायसवाल ने आरोप लगाया कि प्रशांत किशोर और उनकी टीम भारतीय जनता पार्टी बिहार के नाम से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट चला रहे हैं, जिस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की तस्वीरें लगाई गई हैं, लेकिन प्रचार प्रशांत किशोर का किया जा रहा है।

जायसवाल ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, “मैं कुछ दिनों से देख रहा हूं कि भाजपा बिहार का फर्जी अकाउंट बनाकर, जिसमें पीएम मोदी और जेपी नड्डा की फोटो लगी है, उस पर जन सुराज के नेता प्रशांत किशोर का प्रचार चल रहा है। यह साइबर क्राइम है और सोशल मीडिया का दुरुपयोग है।

Also Read : विद्युत जामवाल ने संस्कृत में दिया भाषण, बोले- ‘योग ने दी मेरी जिंदगी को दिशा’

उन्होंने आगे कहा कि ये जनता को भ्रमित करने की एक साजिश है। जायसवाल ने कहा, “जिस तरह से गांधी मैदान में 10 लाख लोगों को लाने का दावा किया गया था, वहां 10 हजार लोग भी नहीं पहुंचे। इन लोगों के पास अब जनता का समर्थन नहीं है, इसलिए ये सोशल मीडिया के जरिए फर्जी हथकंडे अपना रहे हैं। ये बहुत ही गलत बात है और जनता व कानून कभी इसको माफ नहीं करेगा।

जायसवाल ने पीएम मोदी के बिहार दौरे को लेकर भी बात की। आईएएनएस से बातचीत में दिलीप जायसवाल ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को सीवान की धरती पर आ रहे हैं। लाखों की संख्या में सीवान, सारण और गोपालगंज के लोग पलकें बिछाए बैठे हैं। पीएम मोदी जब भी आते हैं, बिहार के लिए सौगात लेकर आते हैं। बिहार के लोग प्रधानमंत्री से बहुत प्यार करते हैं।

दिलीप जायसवाल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर भी प्रतिक्रिया दी है। जदयू में लगातार नीतीश के निशांत कुमार को राजनीति में लाने की बात उठ रही है। इस पर बिहार भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “ये अच्छी बात है। अपनी आस्था व्यक्त कर रहे हैं कि निशांत भी राजनीति में आएं। इस विषय पर नीतीश कुमार और जदयू के नेता विचार करेंगे।

Pic Credit : X

Exit mobile version