Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सीबीएसई ने जारी की 2027 बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने वर्ष 2027 की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी है। सीबीएसई की ओर से शुक्रवार को बताया गया कि दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। सभी परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से आयोजित की जायेगी। बोर्ड ने परीक्षा शुरू होने से 101 दिन पहले ही कार्यक्रम जारी कर दिया है, ताकि विद्यार्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल के।

उन्होंने कहा कि इस बार कक्षा 10वीं में 83 विषयों और कक्षा 12वीं में 121 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। कक्षा 12वीं के 19.8 लाख से अधिक और कक्षा 10वीं के 26.5 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया है। बोर्ड ने बताया कि स्कूलों की ओर से परीक्षार्थियों की सूची (एलओसी) समय पर जमा किए जाने के कारण इस बार डेटशीट पहले जारी करना संभव हो सका है।

Also Read : दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप-3 की पाबंदियां लागू

बोर्ड ने डेटशीट तैयार करते समय विद्यार्थियों के विषय संयोजनों और परीक्षा कार्यक्रम से जुड़ी विभिन्न जरूरतों का ध्यान रखा है। आमतौर पर एक साथ चुने जाने वाले विषयों की परीक्षाओं के बीच पर्याप्त अंतर रखा गया है। इसके अलावा 40 हजार से अधिक विषय संयोजनों का विश्लेषण किया गया, ताकि किसी विद्यार्थी के दो विषयों की परीक्षा एक ही दिन न पड़े। कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों की प्रमुख प्रवेश परीक्षाओं के संभावित कार्यक्रम को भी ध्यान में रखा गया है, जिससे बोर्ड परीक्षाएं उनके आयोजन से काफी पहले पूरी हो सकें।

सीबीएसई के मुताबिक, डेटशीट तैयार करते समय परीक्षा केंद्रों पर प्रतिदिन परीक्षार्थियों की संख्या और उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के दौरान शिक्षकों की उपलब्धता का भी ध्यान रखा गया है। बोर्ड का मानना है कि पहले डेटशीट जारी होने से विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई और दोहराव की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी तथा परीक्षा को लेकर तनाव भी कम होगा। वहीं, स्कूलों को परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था करने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा और मूल्यांकन के दौरान शिक्षकों की लंबे समय तक अनुपस्थिति से अन्य कक्षाओं की पढ़ाई भी कम प्रभावित होगी। अभिभावक और शिक्षक भी गर्मी की छुट्टियों की योजना परीक्षा कार्यक्रम के अनुरूप बना सकेंगे।

बोर्ड ने बताया कि कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं की विस्तृत डेटशीट सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट www.cbse.gov.in पर उपलब्ध है। विद्यार्थी वेबसाइट पर जाकर इसे देख और डाउनलोड कर सकते हैं।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version