Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन

रूपी सोरेन के निधन से सोरेन परिवार और झामुमो में शोक की लहर।
रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक व पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का निधन हो गया है। रांची के हिल व्यू अस्पताल में रात लगभग 8.45 बजे उन्होंने अंतिम सांसे ली। वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उनके निधन की खबर फैलते ही सोरेन परिवार, झामुमो कार्यकर्ताओं और पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है।

रूपी सोरेन केवल एक राजनीतिक परिवार की मुखिया ही नहीं थीं, बल्कि झारखंड आंदोलन के दौर से लेकर राज्य की सत्ता तक के सफर में सोरेन परिवार की सबसे बड़ी संबल और मातृशक्ति के रूप में जानी जाती थीं। दिशोम गुरु शिबू सोरेन के लंबे राजनीतिक और सामाजिक आंदोलनों के दौरान परिवार को संभालने से लेकर बच्चों के मार्गदर्शन तक, उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही।

Also Read : कोलकाता में कांग्रेस का विशाल प्रदर्शन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अक्सर अपने सार्वजनिक भाषणों और व्यक्तिगत संदर्भों में माता-पिता के प्रति अपने गहरे जुड़ाव और संस्कार का उल्लेख करते रहे हैं। हेमंत सोरेन के लिए उनकी मां पारिवारिक अनुशासन और आत्मबल का मुख्य स्रोत थीं।रूपी सोरेन के निधन पर राज्य के वरिष्ठ राजनेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास और सोरेन परिवार के पैतृक आवास पर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा हुआ है। समर्थकों का कहना है कि रूपी सोरेन का जाना न केवल सोरेन परिवार के लिए, बल्कि पूरे झारखंड के उस दौर की स्मृतियों के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिसने राज्य निर्माण की नींव रखी थी। नेमरा में होगा आज अंतिम संस्कारl

Pic Credit : UNI

Exit mobile version